Loading...
अमेरिका में तीसरे दिन भी उड़ान सेवा बाधित, 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द या लेट
अमेरिका में तीसरे दिन भी उड़ान सेवा बाधित

अमेरिका में तीसरे दिन भी उड़ान सेवा बाधित, 10,000 से अधिक उड़ानें रद्द या लेट

लेखन गजेंद्र
Nov 16, 2026
10:03 am

क्या है खबर?

अमेरिका में लगातार तीसरे दिन उड़ान सेवा सुचारू नहीं हो सकी। अब यहां 10,000 से अधिक उड़ानें या तो रद्द हैं या फिर लेट चल रही हैं। यह समस्या तब हुई, जब राउटर बदलने से एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर में कई टेक्निकल दिक्कतें आने लगीं। अमेरिकी एयर-ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पर काम चल रहा है। रविवार को 8,800 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और 2,400 रद्द हो गई थीं। अभी समाधान की कोई संभावना नहीं है।

समस्या

क्या आई है समस्या?

अमेरिका में विमानों की आवाजाही संघीय विमानन प्रशासन (FAA) नियंत्रित करता है, जिसने 13 नवंबर को अपने संचार नेटवर्क में समस्या आने के बाद अमेरिका में उड़ानों को रोकने का आदेश दिया, जिसे राष्ट्रव्यापी ग्राउंड स्टॉप कहते हैं।

दरअसल, ठेकेदार कंपनी एल3 हेरिस टेक्नोलॉजी पुराने कॉपर वायर को हटाकर उसकी जगह फाइबर ऑप्टिक केबल लगा रहे थे, तभी तकनीकी समस्या पैदा हो गई।

एक राउटर से बहुत अधिक डेटा और कनेक्शन रिक्वेस्ट दूसरे राउटरों तक पहुंचने लगीं थी।

समस्या

हादसे रोकने के लिए रोकी गईं उड़ानें

अधिक डेटा पहुंचने से FAA का संचार नेटवर्क ओवरलोड हो गया और नेटवर्क पर हर 4-5 सेकंड में 1,000 कनेक्शन प्रयास पहुंचने लगे।

इससे एयर ट्रैफिक कंट्रोल के संचार और रडार से मिलने वाले डेटा में अनियमितता आने लगी। FAA के 22 बड़े एयर रूट ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में 17 में नेटवर्क अस्थिर हो गया।

ऐसे में FAA ने पूरे अमेरिका में सभी विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी और उस समय लगभग 3,500 विमानों को सुरक्षित उतारा गया।

ADVERTISEMENT

समाधान

कब तक ठीक होगी समस्या?

समस्या का समाधान 14 नवंबर तक होने की संभावना थी, लेकिन यह 16 नवंबर तक वैसी बनी हुई है। परिवहन सचिव सीन डफी ने कहा कि सोमवार तक चीजें सामान्य नहीं हो पाएंगी।

शुक्रवार 13 नवंबर को 12,462 उड़ानें रद्द हुईं, 14 नवंबर को 6,400 से अधिक रद्द हुई और 8,000 से अधिक देरी से उड़ीं। 15 नवंबर को 2,300 से अधिक रद्द हुई और लगभग 7,700 देरी से उड़ी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी घटना का संज्ञान लिया है।

ADVERTISEMENT