ईरान के साथ युद्ध की आशंका तेज, अमेरिका ने दूतावास कर्मचारियों को इजरायल छोड़ने को कहा
क्या है खबर?
ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने इजरायल में स्थित दूतावास कर्मचारियों को तुरंत देश छोड़ने के लिए कहा है। जेरूसलम में अमेरिकी दूतावास की ओर से एक्स पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। इसमें लिखा है, "27 फरवरी को विदेश विभाग ने सुरक्षा जोखिमों के कारण मिशन इजरायल से गैर-इमरजेंसी अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को जाने की अनुमति दी है। लोग वाणिज्यक उड़ान उपलब्ध होने तक देश छोड़ सकते हैं।"
अलर्ट
इन जगहों की यात्रा से रोका
अमेरिकी दूतावास ने लिखा कि वह सुरक्षा घटनाओं और बिना किसी पूर्व सूचना दिए, अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को इजरायल के कुछ इलाकों, जेरुशलम के पुराने शहर और वेस्ट बैंक की यात्रा करने से रोक सकता है। दूतावास ने गाजा और गाजा परिधि से 11.3 किमी, उत्तरी इजरायल, लेबनान और सीरिया की सीमाओं से 4 किलोमीटर, मिस्र की सीमा 2.4 किमी के अंदर यात्रा न करने को कहा है।
सुरक्षा
आतंकवादी कभी भी कर सकते हैं हमला
दूतावास ने बयान में कहा कि आतंकवादी समूह और अन्य हिंसक चरमपंथी इजरायल, वेस्ट बैंक और गाजा में संभावित हमलों की योजना बनाते रहते हैं और वे अचानक हमला कर सकते हैं। आतंकवादी पर्यटन स्थलों, परिवहन केंद्रों, बाजारों, शॉपिंग मॉल और स्थानीय सरकारी सुविधाओं को निशाना बना सकते हैं। दूतावास ने बताया कि सुरक्षा स्थिति जटिल है और इन क्षेत्रों में कभी भी हिंसा हो सकती है। क्षेत्रीय तनाव बढ़ने से इजरायल आने-जाने वाली उड़ानें भी रद्द हो सकती हैं।
बचाव
सुरक्षित रहने के लिए उपाय जारी किए
दूतावास ने बताया कि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की यात्रा के लिए अमेरिकी वेबसाइट देंखे, सावधानी बरतें और सुरक्षा बलों की भारी मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। गाजा में प्रवेश और निकलने की ऐसी योजनाएं बनाएं जो अमेरिकी सरकार की सहायता पर निर्भर न हो। निकटतम बम आश्रय या अन्य सुरक्षित आश्रय स्थल का पता लगाएं, होम फ्रंट कमांड रेड अलर्ट एप्लिकेशन डाउनलोड करें और स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में नामांकन करें।