अमेरिका ने अपने नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने को कहा
क्या है खबर?
ईरान में अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार को एक आपातकालीन सुरक्षा चेतावनी जारी की है और अपने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने को कहा है। दूतावास ने इसके लिए संचार ब्लैकआउट के विस्तार, परिवहन व्यवधान और पूछताछ या हिरासत में लिए जाने के बढ़ते जोखिमों का हवाला दिया गया है। अमेरिका ने यह चेतावनी तब जारी की है, जब अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से परमाणु वार्ता को लेकर तनाव बढ़ गया है।
चेतावनी
दूतावास ने क्या जारी की चेतावनी?
दूतावास ने चेतावनी में लिखा, "पूरे ईरान में सुरक्षा के बढ़े उपाय, सड़कें बंद होना, पब्लिक ट्रांसपोर्ट में रुकावटें और इंटरनेट पर रोक जारी है। ईरान सरकार मोबाइल, लैंडलाइन और नेशनल इंटरनेट नेटवर्क पर रोक लगा रही है। एयरलाइंस ईरान आने-जाने वाली उड़ानें रद्द और कम कर रही हैं। अगर सुरक्षित हो तो, अमेरिका के नागरिकों को ईरान से जमीन के रास्ते आर्मेनिया या तुर्की जाने के बारे में सोचना चाहिए।"
कदम
ये कदम उठाने को कहा
दूतावास ने कहा, "अभी ईरान छोड़ दो और योजना अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो। बिना किसी चेतावनी के उड़ान रद्द और रुकावटें हो सकती हैं। अगर आप बाहर नहीं जा सकते, तो घर या किसी दूसरी सुरक्षित बिल्डिंग ढूंढ लें। खाना, पानी, दवाइयां और दूसरी जरूरी चीजें साथ रखें। प्रदर्शनों से बचें। फोन चार्ज रखें और अपने परिवार और दोस्तों से बातचीत करते रहें। ईरान में अपडेट के लिए स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में पंजीकरण करें।"
मार्ग
ईरान के पड़ोसी देशों के रास्ते खोले गए
दूतावास ने बताया कि अर्मेनियाई भूमि सीमा चौकी और कई तुर्की सीमा चौकियां अभी खुली रखी गई हैं। अमेरिकी नागरिक आर्मेनिया में प्रवेश कर 180 दिनों तक बिना वीजा के रह सकते हैं, जबकि तुर्की में प्रवेश करने वाले 90 दिनों तक रह सकते हैं। अमेरिकियों को अफगानिस्तान, इराक या पाकिस्तान-ईरान सीमा क्षेत्र से यात्रा न करने को कहा गया है। दूतावास ने कहा कि उसका तेहरान के साथ कोई राजनयिक या वाणिज्य दूतावास संबंध नहीं हैं।
बातचीत
आज ओमान में होगी बातचीत
ईरान-अमेरिका के बीच शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता की संभावना है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी घोषणा की है, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को चिंतित रहने की चेतावनी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका परमाणु मुद्दे से परे चर्चाओं का विस्तार करने की उम्मीद करता है। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए।