राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटों से जुड़ी ड्रोन कंपनी ने पाकिस्तानी सेना के साथ किया समझौता
क्या है खबर?
अमेरिकी ड्रोन कंपनी पॉवरस ने पाकिस्तान की सेना के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी के सह-संस्थापक ब्रेट वेलिकोविच ने रॉयटर्स को यह जानकारी दी। हालांकि, सुरक्षा कारणों के चलते वेलिकोविच ने समझौते से जुड़ी ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि यह सौदा मानवरहित हवाई प्रणालियों की श्रेणी में आता है। उन्होंने गोपनीयता का हवाला देते हुए समझौते की राशि का खुलासा करने से भी इनकार कर दिया।
संबंध
कंपनी का ट्रंप के बेटों से क्या निकला संबंध?
रिपोर्ट के मुताबिक, पॉवरस का ऑरियस ग्रीनवे होल्डिंग्स नामक कंपनी के साथ विलय होने जा रहा है। दोनों कंपनियों के मुताबिक, यह समझौता अक्टूबर तक पूरा हो सकता है।
ऑरियस ग्रीनवे होल्डिंग्स में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और एरिक ट्रंप की हिस्सेदारी है। दस्तावेजों के मुताबिक, दोनों ने अमेरिकन वेंचर्स नाम के निवेश फंड के जरिए कंपनी में निवेश किया है।
विलय के बाद फंड की नई कंपनी में 9.9 प्रतिशत हिस्सेदारी हो जाएगी।
मुलाकात
कंपनी बोली- समझौते में ट्रंप के बेटों का लेना-देना नहीं
पाकिस्तान की सेना ने कहा कि वेलिकोविच के नेतृत्व में पॉवरस प्रतिनिधिमंडल ने फील्ड मार्शल सैयद असिम मुनीर से मुलाकात की। इस दौरान रक्षा खरीद, उत्पादन और दीर्घकालिक क्षमता निर्माण पर चर्चा हुई। हालांकि, बयान में समझौते का जिक्र नहीं था।
वहीं, पॉवरस ने कहा है कि समझौते का ट्रंप के बेटों से कोई लेना-देना नहीं है। कंपनी ने कहा कि ट्रंप के बेटे कंपनी के रोजमर्रा के फैसलों में शामिल नहीं रहते हैं।