कैटरीना कैफ की ट्रोलिंग पर भड़के अली जफर की पुरुषों को नसीहत- पहले अपने अंदर झांको
क्या है खबर?
अभिनेत्री कैटरीना कैफ की हालिया तस्वीरों पर उठ रहे सवालों के बीच 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' फेम अली जफर उनके बचाव में उतरे हैं। अली ने बिना नाम लिए आलोचकों को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पुरुषों को महिलाओं को अपनी तय सोच और पैमानों पर आंकना बंद कर देना चाहिए। हर इंसान की अपनी निजी चुनौतियाँ होती हैं, इसलिए दूसरों की बदलती जिंदगी और उम्र को जज करने के बजाय लोगों को संवेदनशील और समझदार बनना चाहिए।
ट्रोलिंग
कैटरीना को पाकिस्तानी क्रिएटर ने कहा विक्की की 'अम्मा'
हाल ही में अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में पति विक्की कौशल के साथ पहुंचीं कैटरीना को सोशल मीडिया पर काफी बॉडी-शेमिंग का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले साल मां बनने के बाद बढ़े वजन को लेकर ट्रोल्स उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं। हद तो तब हो गई, जब पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर एजाज वारिस ने एक वीडियो जारी कर कैटरीना का मजाक उड़ाया और उन्हें विक्की की 'अम्मा' तक कह दिया।
समर्थन
कैटरीना के बचाव में उतरे अली
इस बीच अब अली जफर का वीडियो सामने आया है, जिसमें वो अपनी फिल्म 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' की को-स्टार कैटरीना कैफ के समर्थन में उतर आए हैं।
वीडियो में बिना नाम लिए अली ने ट्रोल्स पर निशाना साधते हुए कहा कि पुरुषों को दूसरों की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करने से पहले खुद को देखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बॉलीवुड को-स्टार के खिलाफ कई आपत्तिजनक पोस्ट देखे, जो बेहद गलत हैं।
नाराजगी
अली जफर ने पुरुषों को लगाई फटकार
अली ने आगे कहा, "लोग अक्सर तुलना करते हैं कि कोई पहले कैसा दिखता था और अब कैसा दिखता है। मैं अतीत में अपनी पाकिस्तानी सह-अभिनेत्रियों जैसे माहिरा खान के समर्थन में भी खुलकर बोल चुका हूं।"
अली के अनुसार, पुरुषों को दूसरों पर टिप्पणी करने के बजाय अपने भीतर झांककर आत्मसुधार करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी इंसान सर्वगुण संपन्न नहीं होता, लेकिन अपनी सोच और आदतों को पहचानकर उन्हें सुधारना ही सबसे महत्वपूर्ण बात है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए अली का वीडियो
Ali Zafar reminds us that women deserve respect and compassion at every stage of life. ❤️ Katrina Kaif’s post-pregnancy appearance should never be a reason for criticism or body shaming.#AliZafar #KatrinaKaif #WomenSupportWomen #SelfLove pic.twitter.com/DGeqptlqyk
— Umme Hani (@Umme_HaniNoor) September 16, 2026
दो टूक
किसी की स्थिति जाने बिना टिप्पणी न करें- अली
अली ने कहा कि पुरुषों को महिलाओं को अपनी पसंद और तय किए गए मानकों के हिसाब से किसी खास रूप में देखने की सोच बदलनी चाहिए।
उन्होंने इसे गलत बताया और कहा कि ऐसा करना बिल्कुल सही नहीं।
अली बोले कि हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी परेशानी या संघर्ष से गुजर रहा होता है। हमें नहीं पता कि सामने वाला किस स्थिति का सामना कर रहा है, इसलिए किसी पर बिना सोचे-समझे टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।