कैलिफोर्निया में अकेले ट्रेकिंग पर निकले भारतीय मूल के लापता शोध छात्र का शव मिला
क्या है खबर?
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अकेले ट्रेकिंग पर निकले भारतीय मूल के PhD छात्र विक्रम मुबायी का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। वह पिछले 2 दिन से लापता थे। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, सांता बारबरा (UCSB) के रॉबर्ट मेहराबियन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में केमिकल इंजीनियरिंग के शोध छात्र विक्रम सप्ताहांत में बिग पाइन लेक्स क्षेत्र में अकेले ट्रेकिंग पर गए थे। उनका शव इन्यो राष्ट्रीय वन से बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घटना
1 अगस्त को हुई थी परिवार से आखिरी बार बात
विक्रम ने शनिवार 1 अगस्त को रात 8:30 बजे अपने परिवार से आखिरी बार बात की थी और ट्रेकिंग के दौरान अपनी GPS लोकेशन साझा किया था।
सप्ताहांत के बाद जब विक्रम नहीं लौटे तो परिवार ने उनसे संपर्क किया, लेकिन उनका फोन बंद था और संदेश का जवाब नहीं मिल रहा था।
परिवार की सूचना पर इन्यो काउंटी सर्च एंड रेस्क्यू और कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद 3 अगस्त को उनका जंगल में मिला।
जांच
झील से निकाला गया शव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाशी के दौरान विक्रम का शव जंगल के अंदर बिग पाइन लेक्स में मिला है। उनका शव पानी तक कैसे पहुंचा, इसका कारण सामने नहीं आया है।
अभी तक की जांच में पुलिस ने किसी प्रकार की साजिश की आशंका से इनकार किया है। हालांकि, जांच जारी है।
विक्रम का शव मिलने से पहले, उसके परिवार ने रेडिट पर मदद की अपील की थी और उसके भाई ने खोजबीन में मदद मांगी थी।
पहचान
कौन थे विक्रम मुबायि?
भारतीय मूल के विक्रम का जन्म और पालन-पोषण हांगकांग में हुआ। बाद में वे अपनी शिक्षा के लिए अमेरिका आ गए। परिवार ने उनको एक अनुभवी पर्वतारोही बताया है।
UCSB से पहले मुबायि ने इलिनोइस अर्बाना-शैम्पेन विश्वविद्यालय से स्नातक किया और 2022 में रासायनिक इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की। वह बर्क प्रयोगशाला में अनुसंधान सहायक भी रहे थे।
UCSB में उनका शोध जैविक विधियों का उपयोग करने पर केंद्रित था, जिसका उद्देश्य पेट्रोलियम-आधारित सामग्रियों के टिकाऊ विकल्प विकसित करना था।