अमेरिकी सेना की चेतावनी, बिना अनुमति होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे तो जब्त होगा जहाज
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में शांति वार्ता विफल होने के बाद अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य समेत ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी शुरू की है। इस बीच, सेना ने नाविकों के लिए एक सलाह जारी की है, जिसमें कहा गया है कि अगर कोई जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अवरुद्ध क्षेत्र से बिना अनुमति के गुजरता है तो उसे ज़ब्त किया जा सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक, सेना जहाज को रोक सकती है या रास्ता बदल सकती है।
यातायात
तटस्थ जहाजों की भी जांच की जाएगी
रिपोर्ट के मुताबिक, सेना ने कहा है कि तटस्थ जहाजों को भी प्रतिबंधित माल की उपस्थिति का पता लगाने के लिए जांच से गुजरना होगा, जो सभी प्रकार के जहाजों पर लागू होती है। उसने नाविकों को भेजे नोट में कहा है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य के पास नाकाबंदी जलमार्ग से तटस्थ पारगमन मार्ग को प्रभावित नहीं करेगी, और न ही गैर-ईरानी गंतव्यों से आने-जाने वाले मार्गों को प्रभावित करेगी। भोजन, चिकित्सा आपूर्ति और मानवीय सहायता सामग्री की जांच होगी।
सहयोग
NATO नाकाबंदी में नहीं करेंगे सहयोग
अमेरिका के NATO सहयोगी देशों ने सोमवार को कहा है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी करने की योजना में शामिल नहीं होंगे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका जलमार्ग में सभी समुद्री यातायात को अवरुद्ध करने के लिए अन्य देशों के साथ मिलकर काम करेगा। नाकाबंदी की खबरों के बीच, ईरान से जुड़े दो तेल टैंकर सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से होते हुए खाड़ी से निकल गए हैं।
जहाज
होर्मुज में फंसे 15 भारतीय जहाजों को लाने की कोशिश
जहाजरानी मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने सोमवार को बताया कि भारतीय ध्वज वाला LPG टैंकर जहाज जग विक्रम 11 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर गया है। इसमें 20,400 मीट्रिक टन LPG है और 24 नाविक सवार हैं। यह 14 अप्रैल को कांडला पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मंत्रालय विदेश मंत्रालय के समन्वय से अपने जहाजों को वापस लाने के लिए प्रयासरत हैं। फिलहाल, 15 भारतीय ध्वज वाले जहाज होर्मुज में फंसे हैं।