यूक्रेन पोर्नोग्राफी को वैध बनाएगा, टैक्स लगाकर 236 करोड़ रुपये कमाने की योजना- रिपोर्ट
क्या है खबर?
रूस के साथ युद्ध के बीच यूक्रेन धन जुटाने के लिए बड़ा कदम उठा सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यूक्रेन पोर्नोग्राफी को कानूनी दायर में लाकर इस पर टैक्स लगा सकता है। इस कदम से न सिर्फ राजस्व जुटाया जाएगा, बल्कि वयस्क सामग्री से पैसा कमाने वाले हजारों लोगों द्वारा सामना किए जाने वाले कानूनी विरोधाभास भी दूर होंगे। अनुमान है कि इससे सरकार को सालाना करीब 236 करोड़ रुपये मिल सकते हैं।
प्रस्ताव
यूक्रेन में पोर्नोग्राफी पर प्रतिबंध, फिर भी बढ़ रहा कारोबार
फिलहाल यूक्रेन में अश्लील सामग्री का उत्पादन, वितरण और कब्जा अवैध है। इसके लिए 7 साल तक की सजा हो सकती है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, इसके बावजूद चोरी-छिपे या घूस देकर एक बड़ा हिस्सा ऐसे कामों में लिप्त है। 2023 में करीब 8,000 यूक्रेनियों ने ओनली फैंस से 1,237 करोड़ रुपये कमाए थे।
चूंकि, ये काम फिलहाल गैरकानूनी है इसलिए सरकार को टैक्स नहीं मिलता है।
ड्रोन
कमाई के खरीदे जा सकेंगे 30,000 ड्रोन
यूक्रेन के विपक्षी सांसद और वित्त समिति के अध्यक्ष यारोस्लाव जेलेजनियाक ने बताया कि पोर्नोग्राफी को वैध बनाने से जो कमाई होगी, उससे 30,000 ड्रोन खरीदे जा सकते हैं।
जेलेजनियाक ने इस संबंध में जुलाई में एक विधेयक संसद में पेश किया था, जो पहली रीडिंग में पारित हो चुका है। तब 281 सांसदों ने विधेयक का समर्थन किया था और केवल 8 ने विरोध। अब विधेयक को दूसरी रीडिंग के लिए पेश किया जाना है।