LOADING...
एयर इंडिया के एक और विमान में फ्यूल स्विच की गड़बड़ी, ब्रिटेन ने मांगा स्पष्टीकरण  
एयर इंडिया के बोइंग विमान में फ्यूल स्विच गड़बड़ी पर ब्रिटेन ने जवाब मांगा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

एयर इंडिया के एक और विमान में फ्यूल स्विच की गड़बड़ी, ब्रिटेन ने मांगा स्पष्टीकरण  

लेखन आबिद खान
Feb 05, 2026
11:59 am

क्या है खबर?

एयर इंडिया का एक और बोइंग विमान फ्यूल स्विच में गड़बड़ी के चलते अंतरराष्ट्रीय जांच के घेरे में आ गया है। ब्रिटेन के विमानन प्राधिकरण (CAA) ने इस मामले में एयर इंडिया को पत्र लिख पूछा है कि जब विमान के फ्यूल स्विच में गड़बड़ी थी, तो इसे उड़ने की अनुमति किस आधार पर दी गई। CAA ने एयर इंडिया से एक हफ्ते के भीतर जवाब मांगा है, वरना सख्त नियामक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मामला

क्या है मामला?

दरअसल, 2 फरवरी को एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान (AI132) करीब 200 यात्रियों को लेकर लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से बेंगलुरु आ रहा था। पायलट ने सफलतापूर्वक लैंडिंग के बाद विमान के फ्यूल स्विच में गड़बड़ी होने की जानकारी दी थी। इसके बाद विमान को ग्राउंड कर दिया गया और अधिकारियों ने जांच शुरू की। इसके बाद ब्रिटेन की CAA ने ये पत्र लिखकर जानकारी मांगी है।

एयर इंडिया

एयर इंडिया ने कहा था- कोई गड़बड़ी नहीं

घटना के बाद 4 फरवरी को एयर इंडिया ने कहा था कि उसने अपने सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विच की एहतियाती जांच की पूरी कर ली है और किसी भी विमान में कोई तकनीकी समस्या सामने नहीं आई है। वहीं, DGCA की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि फ्यूल कंट्रोल स्विच के संचालन में सही ऑपरेटिंग प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था।

Advertisement

पत्र

ब्रिटेन ने पत्र में क्या कहा है?

रॉयटर्स के अनुसार, CAA ने एयर इंडिया को चेतावनी दी है कि अगर वह एक सप्ताह के भीतर जवाब देने में विफल रहती है, तो एयरलाइन और उसके बोइंग 787 बेड़े के खिलाफ संभावित नियामक कार्रवाई की जा सकती है। CAA ने कहा, "जब फ्यूज कंट्रोल स्विच में समस्या देखी गई थी, तो विमान को लंदन से उड़ान भरने की अनुमति कैसे दी गई?" हालांकि, CAA ने कहा कि किसी विमान दुर्घटना के बाद जानकारी मांगना एक नियमित प्रक्रिया है।

Advertisement

हादसा

अहमदाबाद में बोइंग 787 ही हुआ था दुर्घटनाग्रस्त

पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान ही दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 260 लोग मारे गए थे। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने कहा था कि क्रैश होने से पहले विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद कर दिए गए थे, जिसके चलते ईंधन की आपूर्ति रुक गई। इसके बाद DGCA ने सभी एयरलाइनों को अपने विमानों में फ्यूल स्विच सिस्टम की जांच करने का निर्देश दिया था।

Advertisement