LOADING...
क्या UAE में अब बंद होंगे अमेरिकी सैन्य अड्डे? ईरानी हमलों के बाद छिड़ी बहस
ईरानी हमलों के बाद UAE में अमेरिकी सैन्य अड्डों को लेकर बहस छिड़ी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

क्या UAE में अब बंद होंगे अमेरिकी सैन्य अड्डे? ईरानी हमलों के बाद छिड़ी बहस

लेखन गजेंद्र
Apr 20, 2026
09:30 am

क्या है खबर?

ईरानी हमलों के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बहस छिड़ गई है कि क्या अमेरिकी सैन्य अड्डे खाड़ी देशों के लिए जरूरी हैं। दरअसल, खाड़ी देशों के नीति विशेषज्ञ और विश्लेषक इस मुद्दे पर चर्चा रहे हैं। इसमें सवाल उठाया जा रहा है कि क्या विदेशी सैन्य अड्डों की मेजबानी से देश के दीर्घकालिक हित पूरे हो रहे हैं? यह चिंता तब और बढ़ गई, जब अमेरिकी-इजरायली हमलों की खीज ईरान लगातार खाड़ी देशों पर उतार रहा था।

चर्चा

अमेरिकी सैन्य अड्डे अब UAE की जरूरत नहीं- अब्दुलखलेक अब्दुल्ला

UAE के प्रख्यात टिप्पणीकार और राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर अब्दुलखलेक अब्दुल्ला ने दृढ़तापूर्वक तर्क दिया है कि UAE में अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठान अब लाभकारी नहीं रह गए हैं, नीति पर पुनर्विचार का समय आ गया है। उन्होंने एक्स पर कहा, 'ये ठिकाने अब रणनीतिक संपत्ति नहीं रह गए हैं, बल्कि बोझ बन गए हैं।' उन्होंने लिखा कि अब देश को सुरक्षा के लिए उस तरह से अमेरिका की आवश्यकता नहीं है जैसी पहले हुआ करती थी।

रक्षा

UAE अपनी रक्षा करने में सक्षम- अब्दुल्ला

अब्दुल्ला ने एक्स पर बताया कि खाड़ी देशों पर हुए ईरानी हमले के समय UAE ने यह साबित कर दिया कि वह अपनी रक्षा खुद और वह भी बहुत ही शानदार तरीके से करने में सक्षम है। उन्होंने लिखा कि UAE को अगर किसी चीज की जरूरत है, तो वह है अमेरिका के पास मौजूद सबसे बेहतरीन और आधुनिक हथियार, उनको अब UAE को हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्य अड्डे अब एक बोझ बन गए हैं।

Advertisement

बहस

ईरान ने खाड़ी देशों पर हमला कर दिया जवाब

UAE समेत खाड़ी देशों में यह बहस तब शुरू हुई, जब अमेरिका-इजरायल ईरान पर गोले बरसा रहे थे और ईरान उनका जवाब UAE, बहरीन, इराक और कुवैत सहित कई खाड़ी देशों में हमला करके दे रहा था। ईरान ने तब कहा था कि वह खाड़ी देशों के बुनियादी ढांचों पर नहीं बल्कि अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को निशाना बना रहा है। हालांकि, ईरान ने ऊर्जा संसाधनों पर भी हमला किया था। खाड़ी देशों ने कई ईरानी मिसाइलें-ड्रोन सफलतापूर्वक रोके थे।

Advertisement