ट्रंप ने ईरान की मदद करने वाले सहयोगी देशों को चेताया, कहा- भयानक परिणाम भुगतने होंगे
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की अर्थव्यवस्था के खिलाफ एक बड़ा आर्थिक अभियान चलाने और अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की धमकी दी है। उन्होंने ईरान की मदद करने वाले सहयोगी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने तेहरान को किसी भी प्रकार की वित्तीय या व्यापारिक सहायता प्रदान की तो उन्हें भयानक परिणाम भुगतने पड़ेंगे। ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा कि यह एक 'इकोनॉमिक D-DAY' होगा और हमें अपने सभी सहयोगियों का साथ चाहिए।
बयान
मौके का फायदा नहीं उठा पाया ईरान- ट्रंप
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा, 'ईरान को डील करने का जितना मौका मैंने दिया, उतना किसी और ने नहीं दिया। दुख की बात है कि वे इसका फायदा नहीं उठा पाए। इसलिए, आज मैं किसी भी देश के खिलाफ अब तक की सबसे जबरदस्त आर्थिक कार्रवाई का ऐलान कर रहा हूं! यह अभूतपूर्व स्तर पर आर्थिक युद्ध और अलग-थलग करने की कार्रवाई होगी।'
ट्रंप ने लिखा कि ईरान की नौसेना-वायुसेना, सैन्य कारखाने और मुद्रा करेंसी नष्ट हो चुकी है।
बयान
मदद करने वाले को बुरे आर्थिक नतीजों का सामना करना पड़ेगा- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा, 'आज मैं यह भी ऐलान कर रहा हूं कि जो भी देश अपने फाइनेंशियल संस्थानों, बिज़नेस, एयरपोर्ट या सरकारी संस्थाओं को ईरान को किसी भी तरह की मदद देने की इजाजत देगा, उसे खुद बहुत बुरे आर्थिक नतीजों का सामना करना पड़ेगा।'
ट्रंप ने लिखा की तेल की तस्करी, स्वैप लाइन, नकदी हस्तांतरण, एक्सचेंज हाउस, जहाजों की रजिस्ट्री, फ़्रंट कंपनियां — इन सबको अभी रोकना होगा।
उन्होंने लिखा, 'आप जानते हैं कि आप कौन हैं।'
बयान
यह D-DAY होगा- ट्रंप
ट्रंप ने आगे लिखा कि यह एक 'इकोनॉमिक D-DAY' होगा, और हमें ईरान के खतरे को अलग-थलग करने और उसे हराने के लिए अपने सभी सहयोगियों का साथ चाहिए।
उन्होंने लिखा कि ये सिरफिरे लोग हार की कगार पर हैं, और ये ऐतिहासिक कदम उन्हें और दुनिया भर में आतंक फैलाने की उनकी क्षमता को पंगु बना देंगे।
उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होगा।