ट्रंप ने वेंस को ईरान से ध्यान हटाने को कहा, बोले- अब समझौते की जरूरत नहीं
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ तनाव को लेकर एक बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से कहा है कि वह ईरान के साथ बातचीत को लेकर ज्यादा ध्यान न दें और अब अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। उन्होंने ट्रुथ पर वेंस को ईरान की जगह अमेरिका में डेमोक्रेट्स द्वारा चलाए जा रहे शहरों और राज्यों में कथित भ्रष्टाचार और अपराध पर ध्यान देने को कहा है।
संदेश
ट्रंप ने वेंस से क्या कहा?
ट्रंप ने लिखा, 'मैंने उपराष्ट्रपति वेंस से कहा है कि वे अमेरिका में डेमोक्रेट्स-शासित शहरों और राज्यों में हो रहे भारी भ्रष्टाचार और अपराध पर अपना ध्यान केंद्रित करें। मिनेसोटा, कैलिफोर्निया, इलिनोइस और ऐसे कई अन्य 'ब्लू स्टेट्स' (डेमोक्रेट-शासित राज्य) बहुत ही खराब तरीके से चलाए जा रहे हैं।'
ट्रंप ने लिखा कि ये राज्य भ्रष्टाचार के अड्डे बन चुके हैं, जहां हर महीने अरबों डॉलर की चोरी हो रही है। अगर ये रुके तो बजट संतुलित हो सकता है।
बयान
ईरान को लेकर ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप ने ईरान को लेकर आगे लिखा, 'हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। वह दौर बहुत पहले ही बीत चुका है। हमारे पास उनके अरबों-खरबों डॉलर हैं, और हमने उनके होर्मुज जलडमरूमध्यपर भी कब्जा कर रखा है।'
ट्रंप ने यह निर्देश ऐसे समय पर दिए हैं, जब एक दिन पहले खबर आई कि वेंस शांति की दिशा में एक संभावित रास्ता तलाशने के लिए एक वरिष्ठ ईरानी सुरक्षा अधिकारी के साथ आमने-सामने बातचीत कर सकते हैं।