अमेरिका-ईरान के बीच होगी बातचीत, ट्रंप बोले- उपराष्ट्रपति जेडी वेंस प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद रवाना
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन खबरों को खारिज कर दिया कि अमेरिका ईरान के साथ शांति वार्ता में भाग नहीं लेगा। उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट को साक्षात्कार में बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ईरान के साथ शांति वार्ता करने के लिए पाकिस्तान रवाना हो चुके हैं और कुछ ही घंटों में इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई सफलता मिलती है तो वह ईरान के वरिष्ठ नेताओं से मिलने को तैयार हैं।
बातचीत
क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने अखबार से बातचीत के विफल होने की आशंका को खारिज करते हुए कहा, "हमें बातचीत करनी है। इसलिए मैं मान सकता हूं कि इस समय कोई भी चालाकी नहीं कर रहा है।" राष्ट्रपति ने बताया कि वेंस के साथ, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सलाहकार जेरेड कुशनर सहित एक उच्च स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल वार्ता के अगले दौर के लिए इस्लामाबाद के लिए रवाना हो चुका है। उन्होंने बताया कि वे आज रात इस्लामाबाद पहुंच जाएंगे।
मुलाकात
ईरान के साथ मुलाकात की इच्छा जताई
ट्रंप ने ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत की भी इच्छा जताई है। उन्होंने कहा, "अगर अवसर मिले तो ईरानी नेतृत्व से सीधे मुलाकात करना चाहता हूं। मुझे उनसे मिलने में कोई दिक्कत नहीं है। अगर वे मिलना चाहें, और हमारे पास कुछ बहुत ही सक्षम लोग हैं, तो मुझे उनसे मिलने में कोई परेशानी नहीं है।" उन्होंने कहा कि सिर्फ एक मांग है, "अपने परमाणु हथियार हटा दें। यह बहुत सरल है। कोई परमाणु हथियार नहीं होगा।"
बातचीत
22 अप्रैल को समाप्त होगा युद्धविराम
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम 8 अप्रैल को शुरू हुआ था, जे 22 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। इस बीच, तनाव कम भी हो गया था और ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दिया था। लेकिन ट्रंप ने ईरानी बंदरगाह पर नाकाबंदी हटाने को लेकर कोई घोषणा नहीं की, जिसके बाद ईरान ने फिर होर्मुज बंद कर दिया है। अमेरिका ने ईरान के साथ पहली वार्ता में परमाणु संवर्धन 20 साल के लिए स्थगित करने की शर्त रखी थी।