ईरान का संवर्धित यूरेनियम जब्त करने के लिए जमीनी अभियान शुरू कर सकते हैं ट्रंप- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान से 450 किलोग्राम समृद्ध यूरेनियम निकालने के लिए जमीनी अभियान शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, अगर इस प्रस्तावित अभियान को मंजूरी मिल जाती है, तो अमेरिकी सैनिक कई दिनों तक ईरान में तैनात रहेंगे, जो चल रहे संघर्ष में एक नाटकीय वृद्धि होगी। हालांकि, अभी तक इस प्रस्ताव पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
यूरेनियम
ईरान के पास 400 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम
पिछले साल जून में अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों से पहले यह माना जाता था कि ईरान के पास 60 प्रतिशत से ज्यादा संवर्धित यूरेनियम के 400 किलोग्राम से अधिक और 20 प्रतिशत विखंडनीय पदार्थ के लगभग 200 किलोग्राम भंडार हैं। जानकारों का मानना है कि यह भंडार इस्फहान में एक भूमिगत सुरंग और नतांज में एक सुविधा केंद्र में रखे गए हैं। पिछले साल हुए हमलों में अमेरिका-इजरायल ने इन ठिकानों को निशाना बनाया था।
जोखिम
जानकारों का मानना- बेहद जोखिमभरा होगा अभियान
सैन्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ये अभियान हालिया सालों में अमेरिका द्वारा किए गए सबसे जटिल अभियानों में से एक होगा। अमेरिकी सेना को ईरानी हवाई रक्षा, ड्रोन और मिसाइलों के खतरे से घिरे इलाके में प्रवेश करना होगा। फिर विशेष टीमों को मलबे और बारूदी सुरंगों से बचते हुए यूरेनियम को खोजना होगा। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के पूर्व कमांडर जोसेफ वोटेल ने कहा, "यह कोई झटपट आने-जाने वाला सौदा नहीं है।"
चुनौतियां
अभियान में हैं कई चुनौतियां
रिपोर्ट के मुताबिक, परमाणु सामग्री को निकालने के लिए एक विशेष ऑपरेशन टीम की जरूरत होगी। इस यूरेनियम को 40-50 विशेष सिलेंडरों में रखा गया है। कोलंबिया विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शोध विद्वान और ईरान के साथ परमाणु वार्ताकार रह चुके रिचर्ड नेफ्यू ने बताया कि इस प्रक्रिया में काफी जगह और कई ट्रकों की जरूरत पड़ सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस अभियान को पूरा होने में कई दिन या शायद एक हफ्ता भी लग सकता है।
भंडार
ईरान के पास कितना संवर्धित यूरेनियम है?
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी एजेंसी IAEA के मुताबिक, ईरान के पास यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड के रूप में 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम का 274.8 किलोग्राम भंडार है। फरवरी, 2025 में IAEA ने कहा था कि पहले ईरान हर महीने 6-9 किलोग्राम यूरेनियम संवर्धित कर रहा था, लेकिन अब हर महीने 35-40 किलोग्राम कर रहा है। 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम को परमाणु हथियारों में इस्तेमाल होने वाले 90 प्रतिशत संवर्धित यूरेनियम से एक कदम दूर माना जाता है।