LOADING...
अमेरिका-ईरान में हुआ शांति समझौता, 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे हस्ताक्षर
ट्रंप ने ईऱान के साथ समझौते का ऐलान किया है

अमेरिका-ईरान में हुआ शांति समझौता, 19 जून को स्विट्जरलैंड में होंगे हस्ताक्षर

लेखन आबिद खान
Jun 15, 2026
08:58 am

क्या है खबर?

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने के लिए शांति समझौता हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है और होर्मुज जलडमरूमध्य को अब खोला जाएगा। वहीं, ईरान ने भी कहा कि अमेरिका के साथ कई महीनों तक चली लंबी और मुश्किल बातचीत के बाद दोनों देशों ने समझौते को अंतिम रूप दे दिया है।

बयान

ट्रंप बोले- यह समझौता पूरी दुनिया में शांति लाएगा

ट्रंप ने कहा, 'ईरान के साथ समझौता पूरा हो गया है। सभी को बधाई! मैं इसके जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बिना किसी रोक-टोक के खोलने और अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने की मंजूरी देता हूं। यह शानदार समझौता पूरे इलाके में शांति और सुरक्षा लाएगा। शुक्रवार को समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद होर्मुज के खुलने और बारूदी सुरंगें हटाने के काम के साथ दुनिया के लिए दोनों तरफ से फिर से तेल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी!'

शर्तें

समझौते में क्या-क्या शामिल?

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, समझौते का मसौदा 14 सूत्रीय है। इसमें सभी मोर्चों पर युद्ध तुरंत बंद करने, होर्मुज से अमेरिकी नाकेबंदी हटाने, 30 दिन में समुद्री व्यापार बहाल करने, होर्मुज दोबारा खोलने, ईरान के फ्रीज संपत्ति को जारी करने, ईरान से प्रतिबंध हटाने, ईरान द्वारा परमाणु हथियार न बनाने की प्रतिबद्धता और 60 दिन चल अंतिम बातचीत होगी, जिसमें परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में राहत और युद्ध के बाद पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी।

Advertisement

हस्ताक्षर

जिनेवा में होंगे समझौते पर हस्ताक्षर, ट्रंप हो सकते हैं शामिल

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि दोनों देश शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड के जेनेवा में हस्ताक्षर करेंगे। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ऐलान किया है कि वह इस समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए शुक्रवार को जेनेवा जाएंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिए हैं कि इस मौके पर राष्ट्रपति ट्रंप भी जिनेवा पहुंच सकते हैं। बीते 47 साल में ईरान और अमेरिका के बीच यह पहली उच्च स्तरीय बैठक होगी।

Advertisement

पाकिस्तान का बयान

शहबाज बोले- लेबनान समेत सभी मोर्चों पर तुरंत रुकेगा युद्ध

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज ने कहा, 'यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। दोनों पक्षों ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और हमेशा के लिए रोकने का ऐलान किया है। हम विवाद का कूटनीतिक समाधान खोजने की अपनी प्रतिबद्धता के लिए अमेरिका-ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं। हम समझौते तक पहुंचने में मदद के लिए कतर, सऊदी अरब और तुर्की के नेतृत्व का भी आभार व्यक्त करते हैं।'

Advertisement