Loading...
इजरायल को 26,000 करोड़ रुपये के हथियार देगा अमेरिका, इनमें 40,000 बम भी शामिल
अमेरिका ने इजरायल के लिए बड़े हथियार पैकेज को मंजूरी दी है (फाइल तस्वीर)

इजरायल को 26,000 करोड़ रुपये के हथियार देगा अमेरिका, इनमें 40,000 बम भी शामिल

लेखन आबिद खान
Sep 16, 2026
10:39 am

क्या है खबर?

अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने इजरायल के लिए करीब 26,000 करोड़ रुपये के हथियार पैकेज को मंजूरी दे दी है। इस पैकेज में एक टन वजनी करीब 40,000 बम भी शामिल हैं। यह हालिया सालों में इजरायल के लिए अमेरिका द्वारा दिए गए सबसे बड़े गोला-बारूद पैकेजों में से एक है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि विदेश विभाग ने हाल ही में इस समझौते को अनौपचारिक समीक्षा के लिए कांग्रेस समितियों को भेजा था।

हथियार

पैकेज में कौन-कौनसे हथियार शामिल?

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका इजरायल को I-2000 पेनेट्रेटर वारहेड देगा, जिनका इस्तेमाल विस्फोट से पहले मिट्टी, चट्टान और कांक्रीट जैसी सतहों को नष्ट करने के लिए किया जाता है।

न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि प्रशासन ने इस बिक्री को मंजूरी दे दी है। हालांकि, सरकार ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

एक अधिकारी ने AFP को बताया कि हथियारों की बिक्री उचित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रही है।

बम

लोहे और कांक्रीट को चीरने वाले घातक बम भी देगा अमेरिका

पैकेज के तहत अमेरिका इजरायल को 20,000 MK-84 और 20,000 BLU-117 बम देगा।

MK-84 सबसे विनाशकारी हथियारों में से एक है। इसके फटने के बाद धातु के बड़े-बड़े टुकड़े हजारों फीट तक हर दिशा में बिखर जाते हैं, जो कांक्रीट की मोटी दीवारों को भी चीर देते हैं। इसके धमाके से जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते हैं।

इजरायल गाजा और लेबनान में नियमित रूप से इन बमों का इस्तेमाल करता रहा है।

ADVERTISEMENT

बाइडन प्रशासन

पूर्व राष्ट्रपति बाइडन ने बमों की आपूर्ति पर लगाई थी रोक

2024 में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने इन बमों को इजरायल को भेजने पर रोक लगा दी थी। उनका कहना था कि गाजा जैसे घनी आबादी वाले इलाके में इनका इस्तेमाल होने पर बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो सकती है।

हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप सत्ता में आए तो ये रोक हटा दी।

इजरायल का कहना है कि हमास और हिजबुल्लाह बंकरों और सुरंगों का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें निशाना बनाने के लिए शक्तिशाली गोला-बारूद जरूरी है।

ADVERTISEMENT

पिछले पैकेज

ट्रंप पहले भी दे चुके हैं अरबों के हथियार

ट्रंप प्रशासन ने पहले ही इजरायल को बड़े पैमाने पर हथियारों की बिक्री को मंजूरी दे दी थी। फरवरी 2025 में अमेरिका ने MK-84 गोला-बारूद सहित 70,000 करोड़ रुपये से अधिक के बम, मिसाइल और उपकरणों को मंजूरी दी थी।

इसी साल जनवरी में भी ट्रंप ने करीब 60,000 करोड़ रुपये के हथियारों की बिक्री को मंजूरी दी थी।

यह घटनाक्रम ऐसे समय आया है, जब ईरान के साथ युद्ध के बाद अमेरिकी सैन्य भंडारों पर दबाव बढ़ रहा है।

ADVERTISEMENT