LOADING...
बैंकाक के एक बार में लगी भीषण आग, 27 की मौत
बैंकाक के एक बार में लगी भीषण आग, 27 की मौत

बैंकाक के एक बार में लगी भीषण आग, 27 की मौत

लेखन गजेंद्र
Jul 13, 2026
09:23 am

क्या है खबर?

थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में सोमवार तड़के एक बार में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 27 लोगों की जान गई है। हादसा राजधानी के चाटुचक जिले में स्थित ना लाडप्राओ ​​बार में हुआ है। हादसे में करीब 8 लोग घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग बार के स्टेज के पास से शुरू हुई और तेजी से फैल गई, जिससे बिजली गुल हो गई और पूरा कमरा धुएं से भर गया था।

हादसा

मृतकों में कई पर्यटक भी शामिल

घटना के बाद दमकल कर्मियों को सूचना दी गई, जिनके पहुंचने पर लोग चीखते-चिल्लाते बार से भागते दिख रहे थे। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने बताया कि 63 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 22 की हालत गंभीर है। अधिकारी पीड़ितों की पहचान करने में जुटे हैं क्योंकि कई लोगों के पास पहचान पत्र नहीं था या वे बेहोश थे। मृतकों में कई पर्यटक भी शामिल हैं। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में करीब आधा घंटा लगा।

जांच

कई मृतक शौचालय में मिले

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि 27 मौत हुई है और हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। अनुतिन ने बताया कि बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार ने उन्हें बताया कि बिजली जाने से पहले उसने मंच के पास एक सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलते देखा, फिर विस्फोट हुआ और घना धुआं तेजी से पूरे स्थान में फैल गया। कई मृतक बार के पीछे स्थित शौचालयों में पाए गए।

Advertisement

आग

थाईलैंड में पहले भी हुए हैं भयावह हादसे

थाईलैंड में पहले भी ऐसे भयानक हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2022 में, देश के पूर्वी हिस्से में एक संगीत पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई थी । इससे भी पहले, 1 जनवरी, 2009 को थाईलैंड की राजधानी में संतिका नाइटक्लब में नए साल की पूर्व संध्या पर आयोजित एक समारोह में लगी आग में 66 लोग मारे गए और 200 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

बैंकाक के बार में आग

Advertisement