थाईलैंड में 3 दिन से नहीं थमी बारिश, बैंकॉक के सभी 50 जिलों में आपदा घोषित
क्या है खबर?
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार 3 दिन से जारी भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। शहर के सभी 50 जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा होने के बाद प्रशासन ने पूरे बैंकॉक को आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपंट ने कहा कि बाढ़ की स्थिति स्थिर हो गई है, लेकिन पानी को निकलने में 2 से 3 दिन और लग सकते हैं। इस बीच कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया है।
बाढ़
सड़कें, दुकानें और दफ्तर सब जलमग्न
AFP की रिपोर्ट के अनुसार , बैंकॉक के कुछ हिस्सों में लगभग 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके चलते जल निकासी व्यवस्था ठप पड़ गई है, कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं और बाढ़ का पानी घरों, दुकानों और दफ्तरों में घुस गया है।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 980 लोगों को अस्थायी शिविरों में भेजा गया है।
आपदा के बीच प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने अपनी लंदन यात्रा समय से पहले खत्म कर दी है।
पंप
सितंबर में रिकॉर्ड बारिश से नहरें लबालब
शहर की कई नहरें पूरी तरह भर चुकी हैं। सैन सैप, प्रावेत, लात फ्राओ और प्रेम प्राचाकोर्न जैसी नहरें लबालब हो गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार, शहर भर के पंपिंग स्टेशन पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं और इनकी जल निकासी दर 1,200 घन मीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गई है।
सितंबर में बैंकॉक में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। राजधानी में 1 से 25 सितंबर के बीच 487 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।