अमेरिका-यूरोप में तेलंगाना के 2 युवकों की मौत, आग और सड़क हादसे में जान गई
क्या है खबर?
अमेरिका और यूरोप में 2 भारतीय छात्रों की अलग-अलग दुर्घटनाओं में मौत हो गई। दोनों तेलंगाना के रहने वाले थे। मृतकों में हनमकोंडा जिले के 29 वर्षीय भरत चंद्र रेड्डी और जगतियाल जिले के 27 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल जवाद शामिल हैं। रेड्डी की फ्लोरिडा राज्य में हुई आग दुर्घटना में मौत हुई है, जबकि जवाद ने द्विपीय देश माल्टा में सड़क हादसे में दम तोड़ा है। दोनों के शवों को भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है।
अमेरिका
15 दिन से जिंदगी और मौत से लड़ रहे थे रेड्डी
गुंटुरपल्ली गांव के रेड्डी 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। उनकी योजना पढ़ाई के बाद गांव लौटकर शादी करने की थी। वह तकनीशियन थे।
25 जुलाई को फ्लोरिडा के टैम्पा में एक आग दुर्घटना में उनका शरीर 75 प्रतिशत जल गया। वह अस्पताल में भर्ती थे।
लगभग 15 दिनों तक संघर्ष करने के बाद 12 अगस्त को उन्होंने दम तोड़ दिया।
उनके माता-पिता कृषि मजदूर हैं, जिन्होंने विदेश में पढ़ाई के लिए अपनी बचत लगा दी थी।
यूरोप
शादी के 4 महीने बाद जवाद की मौत
इस्लम्पुरा निवासी जवाद ने हाल में स्नातक किया था। 6 माह तक नौकरी नहीं मिली तो वे 3 महीने पहले माल्टा में सेल्स एग्जीक्यूटिव की नौकरी करने गए थे। जवाद ने वहां एक ट्रक चलाना शुरू किया था।
मंगलवार 11 अगस्त को परिवार को खबर मिली की उनके ट्रक की एक ट्रेलर से टक्कर होने के कारण उनकी मौत हो गई।
यह जवाद की पहली नौकरी थी। जवाद की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी।