Loading...
तारिक रहमान ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, भारत से ओम बिरला मौजूद रहे
तारिक रहमान ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली

तारिक रहमान ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली, भारत से ओम बिरला मौजूद रहे

लेखन गजेंद्र
Feb 17, 2026
03:58 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में जीत दर्ज करने वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के प्रमुख तारिक रहमान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनको राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने जातीय संसद के साउथ प्लाजा में शपथ दिलाई। इस मौके पर भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मौजूद रहे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी थे। उनका ढाका में विदेश मंत्रालय के सचिव मोहम्मद नजरुल इस्लाम और बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने स्वागत किया।

शपथ

बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री बने तारिक

बांग्लादेश में BNP ने 20 साल बाद सत्ता में वापसी की है। इससे पहले 2006 में तारिक रहमान की मां बेगम खालिदा जिया पार्टी की अंतिम प्रधानमंत्री थीं।

तारिक बांग्लादेश के 11वें पूर्णकालिक प्रधानमंत्री बन गए हैं। हालांकि, बांग्लादेश की सरकार मुख्य सलाहकार या कार्यकारी सलाहकारों ने भी संभाली है। ऐसे में तारिक देश पर शासन करने पर 18वें नेता बने हैं।

इससे पहले मोहम्मद यूनुस मुख्य सलाहकार थे। अंतिम प्रधानमंत्री अगस्त 2024 तक आवामी लीग की शेख हसीना थीं।

शपथ

कैबिनेट में बौद्ध और हिंदू सांसद भी शामिल

तारिक के साथ केंद्रीय कैबिनेट में BNP के 25 सांसदों को मंत्री और 24 को राज्य मंत्री बनाया गया है। इसमें अल्पसंख्यक बौद्ध और हिंदू धर्म से भी एक-एक सांसद शामिल हैं।

हिंदू समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले निताई रॉय चौधरी और चकमा बौद्ध नेता दिपेन दीवान को शपथ दिलाई गई है। हालांकि, उनके मंत्रालय की जानकारी नहीं मिली है।

मुहम्मद यूनुस के अंतरिम शासनकाल में बांग्लादेश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे खलीलुर रहमान भी कैबिनेट का हिस्सा हैं।

ADVERTISEMENT

सेवा

मुफ्त वाहन सेवा और सरकारी भूखंड नहीं लेंगे मंत्री

शपथ ग्रहण से पहले BNP अध्यक्ष तारिक को संसदीय दल का नेता चुना गया है। यह फैसला सर्वसम्मति से नव निर्वाचित सांसदों की बैठक में लिया गया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए,BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने बताया कि संसदीय दल ने फैसला किया है कि BNP सांसद शुल्क-मुक्त वाहन या सरकारी भूखंड स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने बताया कि हमने अपने युवा नेता तारिक रहमान को संसदीय दल के नेता के रूप में चुना है।

ADVERTISEMENT

विरोध

जमात और NCP ने किया शपथ ग्रहण का विरोध

बांग्लादेश की 299 सीटों पर हुए चुनाव में BNP ने 209 सीटें जीती हैं। जमात-ए-इस्लामी ने पहली बार 77 सीट जीतकर मुख्य विपक्षी दल का तमगा हासिल किया है।

जमात की सहयोगी और हसीना के खिलाफ जुलाई आंदोलन में शामिल छात्रों की राष्ट्रीय नागरिक पार्टी (NCP) ने 6 सीटें जीती हैं।

जमात और NCP ने BNP के कैबिनेट शपथ ग्रहण का विरोध किया। वे BNP के जनमत संग्रह के बाद संविधान सुधार परिषद की शपथ न लेने से नाराज हैं।

ट्विटर पोस्ट

शपथ ग्रहण में पहुंचे ओम बिरला

ADVERTISEMENT