Loading...
क्या ईरान कर रहा परमाणु सुविधाओं की मरम्मत? सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी हलचल ने बढ़ाई अटकलें
ईरान की एक कथित परमाणु सुविधा पर हलचल देखी गई है

क्या ईरान कर रहा परमाणु सुविधाओं की मरम्मत? सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी हलचल ने बढ़ाई अटकलें

लेखन आबिद खान
Sep 10, 2026
10:44 am

क्या है खबर?

ईरान और अमेरिका में बढ़ते तनाव के बीच, एक नई रिपोर्ट ने ईरान की परमाणु गतिविधियों पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इसमें सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से कहा गया है कि ईरान के पिकैक्स माउंटेन परमाणु स्थल पर इस साल निर्माण गतिविधि में तेज वृद्धि देखी गई है। माना जाता है कि ग्रेनाइट पर्वतों के नीचे दबी इस भूमिगत सुविधा में ईरान परमाणु गतिविधियों को संचालित कर रहा है।

रिपोर्ट

सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी साफ बढ़ोतरी

सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (CSIS) ने सैटेलाइट तस्वीरों के विश्लेषण से कहा कि पिकैक्स में इस साल निर्माण गतिविधि में 'साफ बढ़ोतरी' देखी गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, इन गतिविधियों में सुरंग के प्रवेश द्वारों को मजबूत करना, आंतरिक सड़कों को पक्का करना, पहुंच बिंदुओं के आसपास काम करना और खुदाई के मलबे को हटाना शामिल था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में इस स्थल पर जितनी गतिविधियां हुईं, वो इतिहास में कभी नहीं देखी गईं।

ट्रंप का बयान

ट्रंप ने कहा था- हर गतिविधि पर हमारी नजर

हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका पिकैक्स माउंटेन पर बहुत जल्द हमला कर सकता है।

उन्होंने कहा था, "हम पिकैक्स में हर गतिविधि में शामिल हर व्यक्ति को जानते हैं, हम ईरान में सभी जगहों पर गतिविधि में शामिल हर एक व्यक्ति को जानते हैं। अगर कुछ भी गड़बड़ होती है, तो हम उन पर हमला करेंगे, हम उन पर कड़ा प्रहार करेंगे।"

ADVERTISEMENT

पिकैक्स

क्या है पिकैक्स?

पिकैक्स माउंटेन ईरान की नतांज यूरेनियम संवर्धन सुविधा के पास स्थित है। माना जाता है कि इसमें जमीन के अंदर बेहद मजबूत और सुरक्षित 2 सुरंग प्रणालियां हैं।

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने पहले इजरायली खुफिया एजेंसियों के हवाले से बताया था कि इजरायल का मानना ​​है कि ईरान ने हजारों सेंट्रीफ्यूज को इस भूमिगत सुविधा में स्थानांतरित कर दिया है।

इन सेंट्रीफ्यूज का इस्तेमाल परमाणु हथियारों के लिए जरूरी यूरेनियम को संवर्धित करने के लिए किया जाता है।

ADVERTISEMENT