Page Loader
दक्षिण कोरिया में आपातकालीन मार्शल लॉ लगाने वाले राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ चलेगा महाभियोग
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यून सुक योल पर चलेगा महाभियोग

दक्षिण कोरिया में आपातकालीन मार्शल लॉ लगाने वाले राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ चलेगा महाभियोग

लेखन गजेंद्र
Dec 04, 2024
12:19 pm

क्या है खबर?

दक्षिण कोरिया में राजनीतिक माहौल गर्म है। मंगलवार रात को अचानक आपातकालीन मार्शल लॉ की घोषणा करने वाले राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ महाभियोग चलाया जाएगा। दक्षिण कोरियाई विपक्षी सांसदों ने राष्ट्रपति योल के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है। जल्द ही इसकी कार्यवाही शुरू हो जाएगी। सांसदों ने राष्ट्रपति से इस्तीफा भी मांगा है। बता दें, मार्शल लॉ घोषित करने के 2 घंटे बाद ही सांसद नेशनल असेंबली में इकट्ठा हुए और इसके खिलाफ मतदान किया था।

कार्यवाही

महाभियोग प्रस्ताव पेश करने के बाद आगे क्या होगा?

विपक्षी सांसदों द्वारा महाभियोगप प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद नेशनल असेंबली के अध्यक्ष वू वोन-सिक प्रस्ताव पर बहस के लिए सत्र शुरू करेंगे, जो 2 दिन के अंदर शुरू होगी। महाभियोग लागू करने के लिए दक्षिण कोरिया की 300 सदस्यीय नेशनल असेंबली के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों यानी 200 सांसदों को योल के खिलाफ मतदान करना होगा। मतदान 72 घंटे के भीतर होना चाहिए। प्रस्ताव पर मतदान से पहले बहस भी होगी।

विवाद

राष्ट्रपति ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए लगाया था मार्शल लॉ

राष्ट्रपति योल ने मंगलवार रात को राष्ट्र के नाम संदेश में विपक्षी दलों को उत्तर कोरिया समर्थक बताते हुए शासन को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए अचानक मार्शल लॉ की घोषणा कर दी थी। इसके बाद नाराज लोगों ने संसद के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और उनकी सैनिकों से भिड़ंत हुई। घोषणा के बाद नेशनल असेंबली में सांसद जमा हुए, जिसमें 300 में से 190 सांसदों ने मार्शल लॉ के खिलाफ मतदान कर इसे हटा दिया।