गाजा में इमारत गिरने से बच्चों समेत 20 लोगों की मौत, कई मलबे में दबे
क्या है खबर?
गाजा में एक आवासीय इमारत ढहने से महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 20 लोग मारे गए हैं और दर्जनों अभी भी मलबे के नीचे दबे हैं। बताया जा रहा है कि इस 6 मंजिला इमारत को युद्ध के दौरान नुकसान हुआ था, जिसके बाद आज ये ढह गई। फिलिस्तीनी नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि मृतकों में 5 बच्चे शामिल हैं। वहीं, कम से कम 14 अन्य घायल हो गए हैं।
रिपोर्ट
मलबे में 100 लोगों के दबे होने की आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत की हर मंजिल पर 4 आवासीय अपार्टमेंट थी, जिनमें लगभग 10 परिवार रह रहे थे।
गाजा नागरिक सुरक्षा के प्रवक्ता महमूद बसल ने अल जजीरा से कहा, "नागरिक सुरक्षा दल अभी भी मलबे के नीचे से लोगों के शव निकालने और लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। इस इमारत के मलबे के नीचे लगभग 100 फिलिस्तीनी नागरिक अभी भी दबे हुए हैं।"
बचाव अभियान
इजरायली प्रतिबंधों के चलते बचाव अभियान में परेशानी
नागरिक रक्षा बचाव सेवा के सदस्यों ने बताया कि गाजा में उपकरणों की आवाजाही पर इजरायल द्वारा लगाए गए कड़े प्रतिबंधों के कारण वे शुरू में 'खाली हाथों' से काम कर रहे थे।
संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के गाजा कार्यालय के प्रमुख अलेसेंड्रो म्राकिच ने कहा, "मलबे के नीचे 70-100 लोगों के फंसे होने की आशंका है। स्थिति दुखद है क्योंकि हमारे पास आवश्यक उपकरण और मशीनरी नहीं है। वास्तव में लोग अपने हाथों से खुदाई कर रहे हैं।"