Loading...
जमीन विवाद को लेकर प्रधानमंत्री से मिले थे उनके दोस्त, अब भाजपा विधायक ने छोड़ा कब्जा
जमीन विवाद में प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त को राहत मिली है

जमीन विवाद को लेकर प्रधानमंत्री से मिले थे उनके दोस्त, अब भाजपा विधायक ने छोड़ा कब्जा

लेखन आबिद खान
Sep 16, 2026
11:22 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले 81 वर्षीय असगरअली वोहरा को जमीन विवाद में बड़ी राहत मिली है। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने उनकी जमीन पर से कब्जा छोड़ने की बात कही है। दरअसल, जमीन विवाद को लेकर वोहरा ने एक हफ्ते पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। वोहरा प्रधानमंत्री के बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने गुजरात के एक ही स्कूल से पढ़ाई की है।

जमीन

भाजपा विधायक ने शिकायत भी वापस लेने की बात कही

भाजपा विधायक मेहता की कंस्ट्रक्शन कंपनी 'सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन्स' ने विवादित जमीन से अपना कब्जा छोड़ने और कंस्ट्रक्शन परमिशन वापस लेने का औपचारिक ऐलान कर दिया है।

विधायक ने वोहरा के खिलाफ पहले की गई पुलिस शिकायत भी वापस लेने की बात भी कही है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को लिखे पत्र में वोहरा और उनके सहयोगी अजय ढोका के खिलाफ शिकायत वापस लेने की बात कही।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

विवाद

जमीन को लेकर क्या है विवाद?

वोहरा के मुताबिक, उनके पास भायंदर पूर्व के नवघर में 2,810 स्क्वायर मीटर जमीन है। उनका दावा है कि उन्होंने यह जमीन 1989 में खरीदी थी, लेकिन 2011 में उनकी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया।

उन्होंने स्वयं बिल्डर्स और सेवन इलेवन कंस्ट्रक्शन पर आरोप लगाए, जो विधायक मेहता से जुड़ी हैं।

उनके मुताबिक, जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और कब्जा कर लिया गया। इसे लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी।

ADVERTISEMENT