Page Loader
अमेरिका: द्वितीय विश्व युद्ध के वीर सैनिक की हत्या की गुत्थी 50 साल बाद सुलझी
द्वितीय विश्व युद्ध के योद्धा की मौत की गुत्थी 50 साल बाद सुलझी

अमेरिका: द्वितीय विश्व युद्ध के वीर सैनिक की हत्या की गुत्थी 50 साल बाद सुलझी

लेखन गजेंद्र
Apr 15, 2024
12:44 pm

क्या है खबर?

द्वितीय विश्व युद्ध में लड़ने वाले हीराम ग्रॉस ग्रेयम की मौत की गुत्थी 50 साल बाद अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में सुलझा ली गई है। द गार्डियन के मुताबिक, यह मामला तब सुलझा जब ग्रेयम की हत्या करने वाले व्यक्ति की मौत के बाद 2 लोग सामने आए। राज्य में इंडियन रिवर काउंटी शेरिफ कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह मामला 56 साल से ठंडे बस्ते में था और किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया था।

खुलासा

दूध बेचने का काम करते थे ग्रेयम

शेरिफ कार्यालय ने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद ग्रेयम दूध बेचने का काम करते थे। अप्रैल, 1968 में वह घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में उनका शव और दूध का ट्रक वेरो बीच क्षेत्र के जंगलों में मिला। ग्रेयम को कई गोलियां मारी गई थीं। शेरिफ कार्यालय ने बताया कि दृढ़ संकल्प और गवाहों के सहयोग से पता चला है कि थॉमस जे विलियम्स ने ग्रेयम की हत्या की थी। कारण सामने नहीं आया है।

पुरस्कार

विश्व युद्ध के सम्मानित सैनिक थे ग्रेयम

विज्ञप्ति में बताया गया कि 2006 में ऐसी अफवाह थी कि विलियम्स ने एक समाचार पत्र के संपादक को पत्र लिखा था, जिसमें उसने हत्या में शामिल होने और ऐसी किसी जानकारी होने से इनकार किया था। उनकी मौत 2016 में हुई थी। शेरिफ कार्यालय ने बताया कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सम्मानित सैनिक रहे ग्रेयम को पर्पल हार्ट सम्मान से नवाजा गया था। युद्ध के बाद इंडियन रिवर काउंटी में ग्रेयम लोकप्रिय दूधवाला बन गए थे।