Loading...
सऊदी अरब ने मक्का पर हमले का किया दावा, हूती बोले- ये घिसा-पिटा झूठ
सऊदी अरब ने कहा कि उसने मक्का की ओर जा रहा ड्रोन मार गिराया (फाइल तस्वीर)

सऊदी अरब ने मक्का पर हमले का किया दावा, हूती बोले- ये घिसा-पिटा झूठ

लेखन आबिद खान
Sep 16, 2026
09:16 am

क्या है खबर?

यमन के हूती विद्रोहियों के साथ बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब ने दावा किया है कि उसने पवित्र शहर मक्का के नजदीक एक ड्रोन को नष्ट किया है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने कहा कि ड्रोन इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का की ओर जा रहा था। इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) ने कड़ी निंदा करते हुए इसे घृणित हमला बताया है। वहीं, हूती विद्रोहियों ने हमले से इनकार किया है।

सऊदी अरब

सऊदी बोला- मक्का की ओर जा रहा था ड्रोन

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की ने बताया कि सऊदी वायु सेना ने मंगलवार शाम 6:50 बजे मक्का की ओर दागे गए एक ड्रोन को शहर के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही रोक दिया।

अल-मल्की ने इसे लाखों मुसलमानों की भावनाओं को भड़काने के उद्देश्य से जानबूझकर किया गया कृत्य बताया है। उन्होंने कहा कि पवित्र स्थल मक्का और मदीना के संरक्षक के रूप में सऊदी इसे नजरअंदाज नहीं करेगा।

अलर्ट

मक्का में जारी किया गया था हवाई हमले का अलर्ट

हमले को देखते हुए सऊदी अरब ने मक्का में आपातकालीन अलर्ट जारी किया था।

इसमें लोगों से ऊंची इमारतों से दूर रहने, भीड़ और खुले इलाकों में जाने से बचने और खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई थी। हालांकि, कुछ ही देर में ये अलर्ट वापस ले लिया गया।

इसी तरह का अलर्ट जेद्दा और ताइफ शहरों में भी जारी किया गया था।

ADVERTISEMENT

हूती

हूती विद्रोही बोले- सऊदी अरब झूठ बोल रहा

मक्का पर हमले का आरोप लगाने के बाद हूती विद्रोहियों के राजनीतिक ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि समूह द्वारा मक्का को निशाना बनाने का दावा झूठा था।

हूती विद्रोहियों के पोलित ब्यूरो के प्रवक्ता हाजेम अल-असद ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मक्का को निशाना बनाने के दावे एक घिसा-पिटा झूठ है जिसका इस्तेमाल पहले भी किया जा चुका है और अब यह किसी को मूर्ख नहीं बना सकता।'

ADVERTISEMENT

संघर्ष

हूती हमलों में सऊदी में 73 घायल

यह घटना ऐसे वक्त हुई है, जब हूती और सऊदी अरब हालिया सालों के सबसे भीषण संघर्ष में उलझे हैं। हूतियों ने इस हफ्ते सऊदी पर भीषण मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें 73 लोग घायल हो गए।

हूतियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के खमीस मुशैत में स्थित किंग खालिद एयरबेस पर भी दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन दागे हैं।

हूतियों ने बाब अल-मंदेब के नजदीक के द्वीप पर भी कब्जा कर लिया है।

ADVERTISEMENT