Loading...
शेख हसीना की बेटी ने WHO क्षेत्रीय प्रमुख पद से दिया इस्तीफा, लगे थे ये आरोप
शेख हसीना की बेटी ने WHO में क्षेत्रीय निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है

शेख हसीना की बेटी ने WHO क्षेत्रीय प्रमुख पद से दिया इस्तीफा, लगे थे ये आरोप

लेखन आबिद खान
Sep 10, 2026
02:20 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। साइमा ने यह कदम WHO और बांग्लादेश की जांच एजेंसियों की ओर से चल रही कथित धोखाधड़ी की जांच के बीच उठाया है। उन्होंने 2024 में 5 साल के लिए ये पद संभाला था। पिछले साल साइमा को संस्था ने बिना वेतन वाली प्रशासनिक छुट्टी पर भेज दिया था।

आरोप

साइमा पर क्या हैं आरोप?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, मार्च 2025 में बांग्लादेश की भ्रष्टाचार रोधी आयोग ने साइमा के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। इसके बाद WHO ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू की थी।

WHO ने साइमा पर चीन यात्रा के खर्च में वित्तीय धोखाधड़ी, अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर गलत जानकारी देने और बांग्लादेश में जमीन का एक हिस्सा कथित तौर पर धोखाधड़ी से हासिल करने का आरोप लगाया था।

सफाई

साइमा ने सभी आरोपों से किया इनकार 

जुलाई, 2026 में साइमा ने WHO को भेजे एक पत्र में कहा था कि चीन यात्रा के खर्च को लेकर उनके एक सहायक से प्रशासनिक स्तर पर गलती हुई थी।

शैक्षणिक योग्यता से जुड़े आरोपों पर साइमा ने कहा था कि उन्हें मानद डॉक्टरेट मिली है, जिसकी जानकारी WHO महानिदेशक को पहले दे दी गई थी।

वहीं, जमीन को लेकर उन्होंने कहा कि WHO में नियुक्ति से पहले ही ये जमीन उन्होंने खरीद ली थी।

ADVERTISEMENT