यूक्रेन पर बड़े हमले की तैयारी में रूस? अमेरिका से कहा- अपने नागरिकों को निकालो
क्या है खबर?
खबर है कि रूस यूक्रेन पर बड़े हमलों की तैयारी कर रहा है। बीते दिन रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फोन पर बात की थी। इस दौरान उन्होंने रुबियो से कहा कि अमेरिका अपने नागरिकों और राजनयिकों को कीव से बाहर निकाल ले। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस यूक्रेन की राजधानी कीव समेत 'निर्णय लेने वाले केंद्रों' पर 'व्यवस्थित' हमले करने जा रहा है।
रिपोर्ट
राष्ट्रपति पुतिन के निर्देश पर लावरोव ने रुबियो से की बात
रुबियो के साथ बातचीत के दौरान लावरोव ने यूरोप और यूक्रेन पर 2025 में अलास्का शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुए समझौतों को विफल करने का आरोप भी लगाया। रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति पुतिन ने लावरोव से कहा था कि वे रुबियो को फोन करें और बताएं कि रूस कीव में प्रमुख सुविधाओं पर व्यवस्थित और लगातार हमले करेगा, जिसमें शहर के 'निर्णय लेने वाले' केंद्र भी शामिल हैं।
विदेशी नागरिक
रूस ने विदेशी नागरिकों से भी कीव छोड़ने को कहा
रूस ने विदेशी नागरिकों और राजनयिकों से 'जितनी जल्दी हो सके' कीव छोड़ने का आह्वान किया है। रूस ने कहा कि विदेशी नागरिक प्रशासनिक और सैन्य भवनों से दूर रहें। रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा, "नए हमलों में शहर में स्थित ड्रोन निर्माण सुविधाओं के साथ-साथ निर्णय लेने वाले केंद्रों और कमान चौकियों को निशाना बनाया जाएगा। हम राजनयिक मिशनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कर्मियों सहित विदेशी नागरिकों को जल्द से जल्द शहर छोड़ने की चेतावनी दे रहे हैं।"
अमेरिका
रुबियो बोले- अमेरिका अभी भी मध्यस्थता के लिए तैयार
अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने कहा कि रूस द्वारा नए हमलों की चेतावनी के बावजूद अमेरिका युद्ध में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "जब भी आप किसी भी पक्ष की ओर से ये बड़े हमले देखते हैं, तो यह इस बात की याद दिलाता है कि यह एक भयानक युद्ध है और इसे खत्म करने की जरूरत है। अमेरिका इस युद्ध को समाप्त करने में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए तैयार है।"
मौत
ताजा रूसी हमलों में कम से कम 5 लोगों की मौत
रूस ने इस सप्ताहांत दर्जनों ड्रोन और मिसाइलों से कीव और आसपास के इलाकों को निशाना बनाया था। इन हमलों में 4 लोग मारे गए थे और दर्जनों घायल हुए थे। लुकिआनिवस्का मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक व्यापारिक केंद्र, एक छोटे कैफे, घरों, स्कूलों, बाजारों और व्यावसायिक इमारतों को भी नुकसान पहुंचा था। इस दौरान रूस ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम ओरेश्निक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल भी दागी थी।