एक्स पर चल रहा नए विज्ञापन प्रारूप का परीक्षण, स्टारलिंक से हुई शुरुआत
क्या है खबर?
एलन मस्क का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स एक नए विज्ञापन प्रारूप का परीक्षण कर रहा है, जो कंपनी के उत्पादों से संबंधित पोस्ट के नीचे एक सुझाव दिखाता है। इसकी शुरुआत स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा के प्रचार के लिए एक आंतरिक परीक्षण से हुई है। यूरोप में एक यूजर द्वारा देखे गए पहले परीक्षण में एक पोस्ट के नीचे 'स्टारलिंक प्राप्त करें' का सुझाव प्रदर्शित हुआ। लिंक पर क्लिक करने पर यूजर स्टारलिंक की वेबसाइट पर पहुंच जाते हैं।
पुष्टि
अपने ही उत्पाद के साथ हुई शुरुआत
एक्स के उत्पाद प्रमुख निकिता बियर ने परीक्षण की पुष्टि करते हुए कहा, "हम एक ऐसा विज्ञापन उत्पाद बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो विज्ञापन न लगे।" शुरुआती परीक्षण से ऐसा प्रतीत होता है कि यह स्टारलिंक को बढ़ावा दे रहा है। मस्क की आंतरिक कंपनी के उत्पाद से शुरुआत करने का विकल्प यह दर्शाता है कि एक्स बाहरी विज्ञापनदाताओं के लिए इसे लॉन्च करने से पहले प्रारूप का बीटा परीक्षण कर रहा है, जो कि सामान्य तरीका है।
वजह
इस कारण उठाया यह कदम
यह अपने विज्ञापन कारोबार को फिर से खड़ा करने का एक्स का नवीनतम प्रयास है। मस्क द्वारा 44 अरब डॉलर (करीब 3,950 अरब रुपये) में इस प्लेटफॉर्म को खरीदने के बाद ऐपल, डिज्नी और IBM सहित कई बड़े विज्ञापनदाताओं ने कंटेंट मॉडरेशन और विवादास्पद पोस्टों को लेकर चिंताओं के चलते विज्ञापन रोक दिए। इससे 2023 में प्लेटफॉर्म के विज्ञापन राजस्व में लगभग 60 फीसदी की गिरावट आई, जिससे उसे कमाई के वैकल्पिक तरीके तलाशने पड़ रहे हैं।