तिब्बत में झील फटने के बाद नेपाल में अलर्ट, बचाव अभियान रोका गया
क्या है खबर?
नेपाल में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। अब खबर है कि तिब्बत में एक बांध फिर से टूट गया है। इसके चलते नेपाल में अलर्ट जारी किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों, बचाव कर्मियों और राहत कार्य में लगे आम लोगों को सतर्क रहने और तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है। इसके साथ ही चीन ने भी बचाव अभियान को अस्थायी तौर पर रोकने की घोषणा की है।
अलर्ट
बचावकर्मियों को सुरक्षित जगह पर जाने की सलाह
नेपाल पुलिस ने एक बयान में कहा, "सूचना मिली है कि तिब्बत की ओर एक जल बांध फिर से टूट गया है। बचाव और राहत कार्यों में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों, बचाव कर्मियों और आम जनता से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और खतरे की सूचना दें।"
चीन ने तिब्बत में फिर से बाढ़ आने के उच्च जोखिम का हवाला देते हुए बचाव अभियान रोक दिया है।
चीन
चीन ने कहा- मलबे से बनी झील बहने लगी
चीन के सरकारी प्रसारक CCTV ने बताया कि चीन-नेपाल सीमा पर हुए भूस्खलन के बाद मलबे के विशाल ढेर से बनी एक झील उस क्षेत्र की ओर बहने लगी है जहां बचाव दल जा रहे थे।
इसमें कहा गया है, "सभी बचाव टीमों को यथास्थान तैयार रहने और आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा करने का आदेश दिया गया है। आपातकालीन टीमों को, जो पहले उस क्षेत्र में पहुंच चुकी थीं एक किलोमीटर पीछे हटने का आदेश दिया गया है।"
भूकंप
तिब्बत से सटे चीनी प्रांत में आया भूकंप, शी जिनपिंग ने बुलाई बैठक
बाढ़ और भूस्खलन के खतरे के बीच नेपाल और चीन से सटे इलाकों में लगातार भूकंप भी आ रहे हैं। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिंहुआ ने बताया कि तिब्बत के पड़ोसी प्रांत सिचुआन के कुछ हिस्सों में आज 5.1 तीव्रता का भूकंप आया।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आज पोलित ब्यूरो की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के बाद बचाव अभियानों की समीक्षा की गई।
आंकड़े
अब तक 478 मौतें, करीब 1,500 लापता
बाढ़ और भूस्खलन से नेपाल और तिब्बत में अब तक 478 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1,500 से ज्यादा लोग लापता हैं। इनमें 290 भारतीय भी शामिल हैं।
नेपाल में 469 लोगों की मौत हुई है और 977 लापता हैं। इनमें 517 विदेशी नागरिक, 45 नेपाली सेना के जवान और 41 पुलिसकर्मी शामिल हैं।
तिब्बत में 3 लोगों की मौत हुई हुई है और 558 अब भी लापता हैं। लापता लोगों में 260 विदेशी नागरिक शामिल हैं।