GTA 6 के नाम पर हो रही ठगी, नकली डेमो से चोरी हो सकता है डाटा
क्या है खबर?
ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 के नए एक्सटेंडेड ट्रेलर के बाद गेमर्स में इस गेम को लेकर उत्साह बढ़ गया है। इसी बढ़ी दिलचस्पी का फायदा उठाकर साइबर अपराधी लोगों को निशाना बना रहे हैं। इंटरनेट पर रॉकस्टार गेम्स जैसी दिखने वाली कुछ नकली वेबसाइटें सामने आई हैं। इन साइटों पर गेम का डेमो या डाउनलोड देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन असल में इन फाइलों में खतरनाक मैलवेयर छिपा होने की जानकारी सामने आई है।
सावधानी
नकली डेमो डाउनलोड करने से रहें सावधान
मालवेयरबाइट्स के विश्लेषण के मुताबिक, नकली गेम फाइल डाउनलोड करने पर यह मैलवेयर कंप्यूटर में मौजूद कई निजी जानकारियां चुराने की कोशिश कर सकता है।
इसमें ब्राउजर में सेव पासवर्ड, लॉगिन जानकारी और सेशन कुकीज शामिल हैं। इसके अलावा, यह ब्राउजिंग और डाउनलोड हिस्ट्री, ऑटोफिल जैसी जानकारी और एफ़टीपी क्लाइंट के पासवर्ड भी खोज सकता है।
इसलिए GTA 6 के नाम पर मिलने वाली किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड करने से बचना जरूरी है।
डेमो
रॉकस्टार ने कोई डेमो जारी नहीं किया
रॉकस्टार गेम्स ने अभी तक GTA 6 का कोई आधिकारिक डेमो जारी नहीं किया है।
इसलिए इंटरनेट पर जो वेबसाइटें गेम का डेमो या आधिकारिक डाउनलोड देने का दावा कर रही हैं, उन पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। हाल में सामने आए लीक में भी सिर्फ वीडियो और तस्वीरें दिखाई गई हैं।
गेम का कोई असली बिल्ड या डेमो ऑनलाइन उपलब्ध होने की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे दावों को देखकर सावधान रहना जरूरी है।
अन्य
डाउनलोड से पहले वेबसाइट जरूर जांचें
गेमर्स को सलाह दी जा रही है कि कोई फाइल डाउनलोड करने या वेबसाइट पर पासवर्ड डालने से पहले उसके सही होने की जांच करें।
खासतौर पर ऐसी फाइलों से बचें जिनका आकार किसी बड़े गेम के मुकाबले बहुत छोटा हो। नकली वेबसाइटें रॉकस्टार के लोगो और प्रचार सामग्री की नकल कर सकती हैं, इसलिए केवल दिखने से उन पर भरोसा न करें।
GTA 6 को लेकर उत्साह के बीच अपनी निजी जानकारी और डिवाइस की सुरक्षा का ध्यान रखें।