पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने ट्रंप से बात की, बंदरगाह नाकाबंदी पर विचार को तैयार
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर शांति वार्ता पटरी से उतरती दिख रही है। इसका कारण अमेरिका द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य और ईरानी बंदरगाहों पर की गई नाकाबंदी है। इस बीच, सोमवार को पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की और यह मुद्दा उठाया। मुनीर ने ट्रंप को बताया कि नाकाबंदी ईरान से बातचीत में बाधा का बड़ा कारण है, जिसके बाद ट्रंप मामले पर विचार को तैयार हो गए हैं।
बातचीत
मुनीर ने 3 दिन की तेहरान यात्रा की थी
ट्रंप और मुनीर के बीच फोन कॉल पर बात हुई थी। इस दौरान मुनीर ने कहा कि ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकाबंदी इस्लामाबाद में शांति वार्ता के दूसरे दौर में एक बाधा है। इस पर ट्रंप ने कहा कि वह इस सुझाव पर विचार करेंगे। बता दें कि मुनीर ने हाल में 3 दिवसीय तेहरान यात्रा की थी, जहां उन्होंने राष्ट्रपति, विदेश मंत्री और शीर्ष सैन्य अधिकारियों सहित वरिष्ठ ईरानी नेतृत्व से मुलाकात की थी।
नाकाबंदी
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के बाद फिर बंद किया
ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया था, लेकिन ट्रंप द्वारा नाकाबंदी न हटाने के बाद, ईरान ने शनिवार को जलमार्ग फिर बंद कर दिया। इसके बाद अमेरिका ने नाकाबंदी को दरकिनार करने की कोशिश कर रहे ईरानी ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त कर लिया। होर्मुज में तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच अगले दौर की वार्ता पाकिस्तान में प्रस्तावित है, जिसके लिए दोनों पक्षों को इस्लामाबाद पहुंचना है।