भारतीय नागरिकों को आतंकी बताकर फंसाने के हथकंडे अपना रहा पाकिस्तान
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर बौखलाया पाकिस्तान अब भारत को घेरने के तमाम तरह के हथकंडे अपना रहा है।
पाकिस्तान ने एक भारतीय रसोइये को आतंकवाद से जोड़कर फंसाने की साजिश रची थी।
हिंदुस्तान टाइम्स ने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों और राजनयिकों के हवाले से बताया है कि पाकिस्तान ने भारतीय नागरिक अजॉय मिस्त्री को प्रतिबंधित करवाने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) का दरवाजा खटखटाया था।
इस काम में उसकी मदद उसके सदाबहार दोस्त चीन ने की थी।
साजिश
पाक ने मिस्त्री को बताया IS का आतंकवादी
बतौर रिपोर्ट, पाकिस्तान ने UNSC की 1267 सेंक्शन कमेटी में प्रस्ताव देकर अजॉय मिस्त्री के खिलाफ कार्रवाई की अपील की थी।
पाकिस्तान का कहना था कि मिस्त्री इस्लामिक स्टेट (IS) के आतंकवादी हैं और उसे निशाना बना रहे हैं।
पाकिस्तान का मिस्त्री को ISIL और अल-कायदा सेंक्शन लिस्ट में जोड़ने का प्रस्ताव इस महीने सेंक्शन कमेटी के बाकी सदस्यों वितरित किया गया था।
बता दें, पिछले महीने भी पाकिस्तान ने भारतीय इंजीनियर को प्रतिबंध करवाने की कोशिश की थी।
हथकंडा
पाक ने बम धमाके के पीछे बताया मिस्त्री का हाथ
पाकिस्तान ने मिस्त्री को 'अफगानिस्तान में आंतकी नेटवर्क का कॉर्डिनेटर' करार देते हुए कहा कि वो पाकिस्तान में आंतकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ISIL खुरासन के साथ मिलकर काम कर रहे थे।
पाक ने कहा कि मिस्त्री ने 2017 और 2018 में ISIL के नेताओं के साथ बैठक की और विदेशियों आतंकवादियों को सीरिया और इराक से अफगानिस्तान पहुंचने में मदद की।
पाकिस्तान ने खैबर-पख्तूनवा में हुए धमाके के पीछे भी मिस्त्री का हाथ बताया है।
अजॉय मिस्त्री
अमेरिकी सेना के कैंप में काम कर चुके हैं मिस्त्री
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नागरिक मिस्त्री 2016-18 तक आबूधाबी में रसोईये का काम करते थे।
इससे पहले 2008-11 के बीच उन्होंने इराक में अमेरिका सेना के कैंप में भी रसोइये का का काम किया था।
चेतावनी मिलने के बाद मिस्त्री वापस भारत लौट आए और फिलहाल कोलकाता में रह रहे हैं।
उनकी तरफ से इस बारे में अभी तक कोई टिप्पणी नहीं आई है। मिस्त्री के अलावा तीन-चार और भारतीय भी पाकिस्तान के निशाने पर हैं।
साजिश
भारतीय इंजीनियर को फंसाने की साजिश में असफल हो चुका है पाकिस्तान
प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी यात्रा से पहले पाकिस्तान ने भारत को कठघरे में खड़ा करने के लिए बड़ी साजिश रची थी, लेकिन समय रहते इसका पर्दाफाश हो गया।
दरअसल, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में काम कर रहे एक भारतीय इजीनियर वेनुमाधव डोंगरा को आतंकवाद के मामले से फंसाने की योजना बनाई थी।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इसे भांप लिया और डोंगरा को वापस भारत ले आए। इस बारे में विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें।