Loading...
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने का आदेश
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने का आदेश

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने का आदेश

लेखन गजेंद्र
Aug 18, 2026
02:01 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल ले जाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने यह आदेश इमरान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी और परिवार की लंबे समय से चली आ रही मांग पर दिया है, जिन्होंने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। क्रिकेटर से राजनेता बने 73 वर्षीय खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उनको इस्लामाबाद के अस्पताल ले जाने के आदेश से समर्थकों में उत्साह है।

आदेश

16 सितंबर तक शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में रहेंगे इमरान

PTI के प्रवक्ता जुल्फिकार बुखारी ने इसे स्वागत योग्य आदेश बताते हुए कहा कि अगर यह पहले हो गया होता ताकि उनकी आंख और सामान्य स्वास्थ्य इतना खराब न होता।

उन्होंने कहा, "जब तक सभी डॉक्टर संतुष्ट नहीं हो जाते, तब तक उन्हें अस्पताल में ही रहना चाहिए।"

खान के प्रवक्ता नईम हैदर पंजुथा ने एक्स पर लिखा, 'अदालत ने खान को 48 घंटों में शिफा इंटरनेशनल अस्पताल स्थानांतरित करने और 16 सितंबर तक वहीं रहने का निर्देश दिया है।'

आदेश

कोर्ट ने मीडिया से बातचीत पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया

सुप्रीम कोर्ट की 3 सदस्यीय पीठ ने जेल अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उनकी अपने परिवार के सदस्यों से साप्ताहिक मुलाकातें हों।

अदालत ने मंगलवार को एक मेडिकल बोर्ड के गठन का भी निर्देश दिया, जिसमें इमरान खान के निजी चिकित्सक और उनकी बहन डॉ उज्मा खान शामिल होंगी।

उनकी बहन ने बताया कि कोर्ट ने इमरान समेत अन्य को मीडिया के सामने कुछ भी बात करने से पूरी तरह प्रतिबंधित किया है।

ADVERTISEMENT

जवाब

जेल अधिकारियों ने स्थिति बताई थी सामान्य

फैसले से एक दिन पहले सोमवार को अडियाला जेल के अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि खान की आंखों की रोशनी में सुधार हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में इलाज के बाद अब यह लगभग सामान्य हो गई है।

हालांकि, अदालत में प्रस्तुत चिकित्सा अभिलेखों से पता चला कि खान ने धड़कन, सिरदर्द, बेचैनी और चिंता की शिकायत की थी, तब डॉक्टरों ने उनकी पत्नी-परिवार के साथ संपर्क की सलाह दी थी।

ADVERTISEMENT

एकांतवास

पिछले 8 महीनों से एकांतवास में हैं खान, मौत की अफवाह

PTI का दावा है कि इमरान खान को पाकिस्तान सरकार और फौज ने सख्ती करके पिछले 8 महीने से एकांतवास में रखा है, जहां किसी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं है।

रावलपिंडी में बदलते मौसम और जेल में नमी के कारण उनकी आंखों में संक्रमण और एलर्जी की समस्या की वजह से रोशनी जाने का खतरा पैदा हो गया।

पिछले दिनों उनकी मौत की अफवाह भी सामने आई, जिससे पाकिस्तान में हलचल पैदा कर दी थी।

कैद

2023 से जेल में हैं इमरान

इमरान को अप्रैल 2022 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाकर प्रधानमंत्री पद से हटा दिया गया था। उसके बाद से शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री हैं।

इसके बाद 5 अगस्त, 2023 को इमरान को गिरफ्तार किया गया। वह अल-कादिर ट्रस्ट, सरकारी उपहार मामलों में भ्रष्टाचार, सरकारी रहस्यों को लीक करना और अवैध विवाह से जुड़े आरोपों का सामना कर रहे हैं।

इसमें कई में वे दोषी साबित हो चुके हैं। कई मामले लंबित हैं और कई में बरी भी हुए हैं।

ADVERTISEMENT