पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में 3 जगह आतंकी हमला, बम धमाके और गोलीबारी में 14 की मौत
क्या है खबर?
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा में सोमवार को 3 अलग-अलग जगह हुए बम धमाकों और गोलीबारी में अब तक 14 लोगों की मौत और 25 घायलों की पुष्टि हुई है। पहला आत्मघाती हमला बजौर जिले में हुआ, जहां एक बच्चे समेत 9 लोग मारे गए। दूसरा हमला बन्नू कस्बे में हुआ, जहां 2 लोगों की मौत हुई और तीसरा हमला शांगला जिले में हुआ है, जहां 3 पुलिसकर्मी मारे गए हैं। पुलिस और सेना हमलों की जांच कर रही है।
विस्फोट
आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट से भरी गाड़ी मदरसे की दीवार से टकराई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार शाम को आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी गाड़ी को बाजौर जिले में एक मदरसे की दीवार से टकरा दिया। इसके बाद हुए भीषण धमाके में सुरक्षा बल और फ्रंटियर कोर के एक 8 जवान की मौके पर ही मौत हो गई। करीब 10 अन्य लोग घायल हैं। विस्फोट इतना घातक था कि आसपास के घरों की छतें भी गिर गई हैं, जिससे एक बच्चे की मौत हो गई।
हमला
बन्नू में रिक्शा पर विस्फोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बन्नू कस्बे में मिरयान पुलिस स्टेशन पर एक रिक्शा में बम रखा गया था, जो अचानक फट गया। इसमें 2 नागरिक मारे गए और 17 लोग घायल हो गए हैं। शांगला जिले में तलाशी अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।इस दौरान तीन पुलिसकर्मी और उतने ही आतंकी मारे गए। पुलिस ने बताया कि मारे गए लड़ाके "चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों" में शामिल रहे हैं।
निशाना
तालिबानी आतंकी और बलूच अलगाववादियों से जूझ रहा पाकिस्तान
पाकिस्तान इस समय अपने देश के अंदर सरकार को चुनौती देने वाले 2 अलग-अलग मोर्चों से लड़ रहा है। खैबर पख्तूनख्वा में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) हमले कर रहा है, जबकि बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) नाक में दम किए है। BLA बलूचिस्तान में 'ऑपरेशन हेरोफ' शुरू करके बड़े हमले कर रहा है। पिछले दिनों इस्लामाबाद की एक शिया मस्जिद में इस्लामिक स्टेट ने आत्मघाती हमला किया था, जिसमें 31 मौत हुई थी और 169 घायल थे।