पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 24 आतंकी मारे गए
क्या है खबर?
पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने 2 अलग-अलग मुठभेड़ों में 24 आतंकियों को मार गिराया है। यह जानकारी इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने शुक्रवार को दी। पाकिस्तान सेना की मीडिया इकाई ने बताया कि आतंकियों से मुठभेड़ 4 और 5 फरवरी को प्रांत के ओरकज़ई और खैबर जिलों में हुई थी। यह अभियान खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था। ओरकज़ई में 14 और खैबर में 10 आतंकवादियों को मारा गया है।
मुठभेड़
सेना ने भारत से संबंधित बताए आतंकी
ISPR ने कहा कि पाकिस्तान की सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियां अज़म-ए-इस्तेहकाम' (राष्ट्रीय कार्य योजना पर संघीय सर्वोच्च समिति द्वारा अनुमोदित) के तहत आतंकवाद विरोधी अभियान चला रही हैं, जो देश से विदेशी प्रायोजित और समर्थित आतंकवाद के खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी गति से जारी रहेगा। एजेंसी ने इसे भारतीय प्रॉक्सी फ़ितना अल ख्वारिज से संबंधित बताया है। फ़ितना-अल-ख्वारिज का इस्तेमाल सरकार प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों के लिए करती है।
आतंक
2025 में पाकिस्तान में आतंकी हिंसा में बढ़ोतरी हुई
पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, नवंबर 2022 में TTP ने सरकार के साथ युद्धविराम समझौता समाप्त किया था, जिसके बाद पाकिस्तान में आतंकी वारदातें बढ़ गई हैं। इस्लामाबाद स्थित पाक इंस्टीट्यूट फॉर पीस स्टडीज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में 2025 में सबसे अधिक आतंकवादी घटनाएं हुई। आतंकी हमलों में मौतें 34 प्रतिशत और आतंकवाद से संबंधित मौतों में 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जनवरी में, खैबर पख्तूनख्वा में दो अलग-अलग आतंकवादी हमलों में 11 आतंकवादी मारे गए थे।