LOADING...
पाकिस्तान में कराची की जेल से 200 से अधिक कैदी फरार, शहर में दहशत
पाकिस्तान के कराची में जेल से भागे 216 कैदी (तस्वीर: एक्स/@KabulFrontline)

पाकिस्तान में कराची की जेल से 200 से अधिक कैदी फरार, शहर में दहशत

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2025
11:26 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान में सिंध प्रांत की राजधानी कराची में सुरक्षा को चकमा देते हुए जिला जेल मालिर से 200 से अधिक कैदी फरार हो गए। फरार कैदियों की संख्या 216 बताई जा रही है। कैदियों के भागने के बाद आसपास के इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया गया। इस दौरान जेल के अंदर और बाहर गोलीबारी की आवाज सुनी गई है। गंभीर अपराधों वाले कैदियों के भागने से शहर में दहशत का माहौल है।

सुरक्षा

कैसे भागे कैदी?

पाकिस्तानी समा टीवी के मुताबिक, कराची में लगातार भूकंप के झटकों के कारण जेल के अंदर अफरा-तफरी मची हुई थी। उसी समय सर्किल नंबर 4 और 5 के 600 से अधिक कैदी आतंरिक जेल प्रक्रियाओं के कारण बैरक के बाहर बैठे थे। तभी भूकंप के झटकों का बैरक के बाहर कैदियों ने फायदा उठाया और हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच हिंसा शुरू हो गई और गोलीबारी हुई। जेल अधिकारियों ने हालात काबू करने के लिए गोलियां चलाई।

गोलीबारी

एक कैदी की मौत, 5 सुरक्षाकर्मी घायल

कैदियों को नियंत्रित करने के लिए गोलियां चलाई गई, जिसमें फ्रंटियर कोर के दो कर्मियों सहित कम से कम पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि कैदियों ने भी सुरक्षाकर्मियों की बंदूक छीनकर चलाई है, जबकि कुछ ने जेल के अंदर हथियार छिपाए हुए थे। गोलीबारी में एक कैदी की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को जिन्ना पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है।

जांच

आसपास के इलाकों और राजमार्गों को सील किया गया

जेल अधिकारी मालिर काशिफ आफताब अब्बासी ने बताया कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ी ने आस-पास की बस्तियों, राजमार्गों और गांवों को सील कर दिया है। उन्होंने कहा कि मालिर में मस्जिदों से घोषणाएं की गईं, जिसमें भागे हुए कैदियों को गिरफ्तार करने में जनता से सहयोग की अपील की गई। बड़े पुलिस अधिकारी भी जेल पहुंचे हैं। सिंध के गृह मंत्री जिया-उल-हसन लंजर ने जेल की दीवार में सेंध लगाने से इंकार किया है।

कार्रवाई

अब तक 60 कैदी पकड़े गए

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने रेलवे और बस स्टेशन के आसपास निगरानी कड़ी कर दी है। अभी तक 60 कैदी दोबारा से पकड़ लिए गए हैं। एक मां भी अपने कैदी बेटे को वापस जेल ले आई। जेल अधीक्षक का कहना है कि कराची जेल में 6,000 से अधिक कैदी हैं। उन्होंने किसी बाहरी साजिश से इंकार किया है और कहा कि गंभीर चूक के कारण घटना घटी है। जांच के आदेश दिए गए हैं।

ट्विटर पोस्ट

कराची में जेल से फरार 216 कैदी