LOADING...
पाकिस्तान में आया 5.4 तीव्रता का भूकंप, कई जगह महसूस हुए झटके

पाकिस्तान में आया 5.4 तीव्रता का भूकंप, कई जगह महसूस हुए झटके

लेखन आबिद खान
Jun 27, 2026
09:30 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान में 5.4 तीव्रता का भूकंप आया है। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर गहराई में था और ये स्थानीय समयानुसार सुबह 8:36 बजे आया। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिका की USGS ने बताया कि भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के बरखान प्रांत से 63 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। ये भूकंप ऐसे वक्त आया है, जब इसी हफ्ते वेनेजुएला में दोहरे भूकंप ने भारी तबाही मचाई है।

झटके

कई हिस्सों में महसूस किए गए झटके

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि भूकंप के झटके देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। सरकार भूकंप के असर का आकलन कर रही है। इससे पहले शुक्रवार को बलूचिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। वहीं, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने शुक्रवार शाम बताया कि सेलेबेस सागर में 6.5 तीव्रता का तेज भूकंप दर्ज किया गया।

स्थिति

भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है पाकिस्तान की स्थिति

पाकिस्तान इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने वाली जगह पर स्थित है। इसी वजह से अपनी भौगोलिक स्थिति के चलते ये दुनिया के सबसे ज्यादा भूकंप-संभावित देशों में से एक माना जाता है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान जैसे इलाके बड़ी फॉल्ट लाइनों के पास हैं, जिससे यहां भूकंप का खतरा ज्यादा रहता है। वहीं, इंडियन प्लेट के उत्तर-पश्चिमी किनारे पर पंजाब और सिंध भी भूकंप के प्रति संवेदनशील जगह पर हैं।

Advertisement