मोबाइल पर घंटों गेम खेलना इस अभिनेत्री को पड़ा भारी, करानी पड़ी सर्जरी
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री शकीला ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने यूट्यूब पर अपने वीडियो में बताया कि उन्हें अपने गले की सर्जरी करानी पड़ी। इसका कारण बहुत ज्यादा मोबाइल का इस्तेमाल करना था। वीडियो में वह गले में कॉलर पहने नजर आईं। उन्होंने खुद का मजाक उड़ाते हुए कहा कि बिस्तर से उठने और छोटे-मोटे काम करने के लिए भी उन्हें मदद की जरूरत पड़ती है। उनके मुताबिक, सर्जरी में 3 लाख रुपये का खर्चा आया है।
खुलासा
शकीला ने बताया कि घंटों खेलती थीं मोबाइल में गेम
अभिनेत्री ने वीडियो में कहा, "मैं बिस्तर पर करवट लेटकर लगातार 4 घंटे तक फोन पर गेम खेलती थी। मैं सिर्फ चाय या कॉफी पीने के लिए उठती थी। चाय पीने के बाद, मैं वापस आती और वही गेम खेलना शुरू कर देती। उसके बाद, मैं घंटों यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर वीडियो देखती रहती थी। गलत तरीके से लेटने और मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से मेरी गर्दन की नसें प्रभावित हुईं, जिसके चलते आखिरकार मुझे अपना ऑपरेशन करवाना पड़ा।"
अपील
ज्यादा देर तक मोबाइल न चलाने की दी सलाह
शकीला ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल और अन्य गैजेट देने में सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्हाेंने सलाह दी कि माता-पिता सुनिश्चित करें कि बच्चे ज्यादा मोबाइल का इस्तेमाल न करें।
बता दें, शकीला ने अपने करियर में मलयालम, तेलुगु, तमिल और कन्नड़ सिनेमा की कई फिल्में की हैं।
उन्हें मोहनलाल की फिल्म 'छोटा मुंबई' (2007) और पृथ्वीराज सुकुमारन की 'तेजा भाई एंड फैमिली' (2011) में देखा जा चुका है। हालांकि, सर्जरी के बाद से वह ब्रेक पर हैं।