
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हथियारबंद समूह ने 9 बस यात्रियों का अपहरण किया, गोली मारी
क्या है खबर?
पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में हथियारबंद समूह ने गुरुवार को 9 बस यात्रियों का अपहरण कर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उत्तरी बलूचिस्तान के सर धक्का के झोब इलाके में हुई है। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार शाम को क्वेटा से लाहौर जा रही अलग-अलग बसों से यात्रियों का अपहरण किया गया था। हमलावर यात्रियों को पास के पहाड़ी इलाके में ले गए और उनको गोली मार दी।
हत्या
पहाड़ों पर लावारिस अवस्था में मिले शव
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समूह ने यात्रियों के शवों को पहाड़ पर लावारिस छोड़ दिया था। एक व्यक्ति ने जब शवों को देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके पर गोली के घाव वाले 9 शव पड़े मिले थे। अभी तक किसी भी उग्रवादी या आतंकवादी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन अतीत में हुए हमलों को देखते हुए इसे अलगाववादी बलूच उग्रवादियों से जोड़ा जा रहा है।
जांच
पूर्वी पंजाब प्रांत के लोगों को बनाया गया है निशाना
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उग्रवादियों ने बस में सवार सिर्फ पूर्वी पंजाब प्रांत के लोगों को निशाना बनाया था, जबकि अन्य यात्रियों को छोड़ दिया गया। इससे पहले उग्रवादियों ने जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक किया था और 250 से अधिक यात्रियों को बंधक बनाया था। घटना में कई पाकिस्तानी जवान मारे गए थे। बलूचिस्तान अफगानिस्तान-ईरान की सीमा से लगा खनिज समृद्ध प्रांत है। बलूच उग्रवादी पाकिस्तान पर बलूचिस्तान का दोहन करने का आरोप लगाते हैं, जिससे अशांति है।