LOADING...
पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी, लगातार 7वीं बार LoC पर गोलीबारी की
पाकिस्तान ने 7वीं बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया

पाकिस्तान की नापाक हरकत जारी, लगातार 7वीं बार LoC पर गोलीबारी की

लेखन गजेंद्र
May 01, 2025
09:11 am

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के 10 दिन बाद भी पाकिस्तान की नापाक हरकत पर कोई लगाम नहीं है। पड़ोसी देश की सेना ने 7वीं बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है। पाकिस्तान सेना ने इस बार कुपवाड़ा, उरी और अखनूर के पास नियंत्रण रेखा (LoC) पर बिना उकसावे के गोलीबारी की है। भारतीय सेना ने गोलीबारी का तुरंत और संयमित तरीके से जवाब दिया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

हमला

दोनों देशों के बीच हो चुकी है बातचीत

इंडिया टुडे के मुताबिक, लगातार हो रही गोलीबारी को लेकर भारत पाकिस्तान को चेतावनी दे चुका है। दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) ने मंगलवार को बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर हॉटलाइन पर बातचीत की थी। मंगलवार तक गोलीबारी सिर्फ LoC के पास हो रही थी, लेकिन रात के बाद यह जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी होने लगी। अब यहां अतिरिक्त सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान तैनात किए गए हैं।

गोलीबारी

पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से चौकियां खाली की

पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों को पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा निशाना बनाये जाने के बाद से सीमा पर हलचल है। बुधवार को पाकिस्तान ने कठुआ के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा से अपनी चौकियों को खाली कर दिया और पाकिस्तानी झंडे उतार लिए। बता दें, तनाव कम करने के लिए भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं ने 25 फरवरी, 2021 को 2003 के युद्धविराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी और LoC पर गोलीबारी बंद की थी।