Page Loader
उत्तर कोरिया: किम जोंग उन की बेटी जैसे नाम वाली महिलाओं को बदलने होंगे अपने नाम
उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन की बेटी का नाम उपयोग करने पर रोक (तस्वीर: विकीमीडिया)

उत्तर कोरिया: किम जोंग उन की बेटी जैसे नाम वाली महिलाओं को बदलने होंगे अपने नाम

लेखन गजेंद्र
Feb 16, 2023
02:52 pm

क्या है खबर?

उत्तर कोरिया में तानाशाह किम जोंग उन की बेटी 'जू एई' जैसा नाम रखने वाली महिलाओं पर सख्ती की जा रही है। उनको नाम बदलने का वक्त दिया गया है। किम जोंग उन की बेटी की उम्र करीब 10 साल बताई जा रही है। रेडियो फ्री एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, जिन महिलाओं के नाम 'जू एई' रखे गए हैं उनको स्थानीय प्रशासन ने जन्म प्रमाण पत्र बदलने के आदेश दिए हैं।

सख्ती

महिलाओं को दिया गया एक सप्ताह का वक्त

रिपोर्ट में बताया गया है कि जोंगजू शहर में सुरक्षा मंत्रालय ने 'जू एई' नाम के तहत निवासी पंजीकरण विभाग में पंजीकृत महिलाओं को अपना नाम बदलने के लिए सुरक्षा मंत्रालय में बुलाया। रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने कहा है कि नामों को एक सप्ताह के अंदर बदलना होगा। बता दें, इससे पहले भी उत्तर कोरिया ने 2014 में लोगों को अपने नेता किम जोंग और उनके तत्काल परिवारों के समान नामों का उपयोग करने से रोक दिया था।