कनाडाई कंपनी बॉम्बार्डियर को ट्रंप की धमकी, बोले- अमेरिका में विमान बेचना है तो यहीं बनाओ
क्या है खबर?
कनाडा के साथ टैरिफ विवाद के बीच अब कनाडाई विमान निर्माता बॉम्बार्डियर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निशाने पर आ गई है। ट्रंप ने कंपनी को चेतावनी देते हुए अमेरिका में विमान बेचने से रोकने की धमकी दी है। उन्होंने कहा, 'अगर उन्हें हमारा बाजार चाहिए, तो उन्हें यहीं निर्माण करना होगा और अमेरिका को 'गुल्लक' की तरह इस्तेमाल करना बंद करना होगा। अब अमेरिका में बॉम्बार्डियर की बिक्री नहीं होगी!'
बयान
ट्रंप बोले- बॉम्बार्डियर अमेरिकियों के दम पर चलती है
ट्रंप ने कहा, 'उनके उत्पाद इतने अच्छे नहीं हैं। उनकी 50 प्रतिशत से ज्यादा कमाई अमेरिका से होती है। वे अमेरिकी खरीदारों, कंपनियों, हवाई अड्डों और सेवाओं के दम पर चलते हैं, लेकिन दूसरी तरफ कनाडा हमारे बेहतरीन अमेरिकी बैंकों और कंपनियों को काम करने से रोकता है। यह पूरी तरह से गलत और नाइंसाफी है। अगर उन्हें हमारा बाजार चाहिए, तो उन्हें यहीं उत्पादन करना होगा और अमेरिका को 'पिग्गी बैंक' समझना बंद करना होगा।'
कंपनी
कंपनी बोली- हम अमेरिकियों को नौकरी देते हैं
बॉम्बार्डियर ने कहा, "हमारा अमेरिका में बड़ा कारोबार है। इससे वहां हजारों लोगों को नौकरी मिलती है। हमारी सप्लाय चेन में अमेरिका के 47 राज्यों की 2,800 कंपनियां शामिल हैं। हमारे विमानों में अमेरिका में बने इंजन, एवियोनिक्स और कई दूसरे अहम उपकरण इस्तेमाल होते हैं।"
ट्रंप पहले भी बॉम्बार्डियर को धमकी दे चुके हैं। इसी साल जनवरी में उन्होंने कंपनी के विमानों का अमेरिका में प्रमाणीकरण रद्द करने और विमानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी।