न्यूयॉर्क: ब्रुकलिन के सबवे स्टेशन पर अज्ञात युवक ने की फायरिंग, 13 लोग घायल

अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन में मंगलवार सुबह सबवे मेट्रो स्टेशन पर अज्ञात व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें 13 लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा पूरे स्टेशन परिसर को घेर लिया। घटना स्थल पर गोलियों के अलावा एक संदिग्ध डिवाइस भी मिली है। पुलिस रोपी की तलाश में जुटी है।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने ट्वीट कर हमले की जानकारी दी है। ट्वीट में लिखा गया है कि ब्रुकलिन में 36वीं स्ट्रीट और चौथे एवेन्यू क्षेत्र में धुंए की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां फायरिंग हुई है और लोगों को इस क्षेत्र में जाने से बचना चाहिए। एक ट्विटर यूजर ने मेट्रो का एक वीडियो पोस्ट किया जहां लोगों को गोली मारी गई थी। वीडियो में धुआं देखा जा सकता है, जिसमें कुछ जलता हुआ दिखाई दे रहा है।
******NSFW******
— Tom (@TomUlloaa) April 12, 2022
Multiple people shot in the 36th street station in Brooklyn. Multiple undetonated devices also found. Be careful out there. Definitely avoid the subway today. This was a terrorist attack.
CREDIT: Angry_yeti / IG pic.twitter.com/9XYZcmT8BH
न्यूयॉर्क पुलिस के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया, शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावर मेट्रो स्टेशन में कंस्ट्रक्शन वर्कर के कपड़ों (नारंगी रंग की बनियान) में आया था। उसकी लंबाई करीब 5.5 फीट है। उसने गैस मास्क भी पहन रखा था। स्टेशन पर लगे सभी CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस ने इसके आतंकी हमला होने या फिर कोई दूसरी साजिश होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
शुरुआती जांच के बाद यह भी कहा जा रहा है कि हमलावर ने पहले मेट्रो स्टेशन पर धुंआ किया और उसके बाद लोगों पर फायरिंग शुरू की थी। इसके कारण किसी भी यात्री को भागने का मौका नहीं मिला और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद पुलिस ने सभी 13 घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया है, जहां सभी की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। इसी तरह पुलिस ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे न्यूयॉर्क शहर में मेट्रो सेवा भी रोक दिया गया है। पुलिस को घटनास्थल पर अभी तक कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है। लोगों से अपील की गई है कि अगर उन्हें कुछ भी संदिग्ध मिले तो तुरंत NYPDTips या 800577TIPS पर संपर्क कर सूचना दें।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ फोटो में ब्रुकलिन सबवे में मेट्रो कोच के फर्श पर खून देखा जा सकता है। कई ट्विटर यूजर्स ने आशंका जताई है कि यह आतंकी हमला हो सकता है। इधर, घटना को लेकर न्यूयॉर्क राज्यपाल ने भी बयान जारी कर दिया गया है। राज्यपाल की ओर से कहा गया है कि वह न्यूयॉर्क पुलिस के साथ काम कर रहे हैं। इस हमले की जांच जारी है। आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।