UAE राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को दी थी हमास के हमले की चेतावनी, उन्होंने नजरअंदाज की- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अक्टूबर, 2023 में इजरायल पर हुए हमास के हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को संभावित हमले को लेकर पहले से चेतावनी दी गई थी। ये चेतावनी खुद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने दी थी। उन्होंने 7 अक्टूबर, 2023 को हुए हमले से 10 दिन पहले नेतन्याहू को फोन किया था। दोनों के बीच करीब 45 मिनट चर्चा हुई थी।
रिपोर्ट
बिन जायद ने कहा था- कुछ बड़ा होने वाला है
इजरायली प्रकाशन हारेत्ज के अनुसार, मोहम्मद बिन जायद ने नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि गाजा में हमास के पूर्व नेता याह्या सिनवार इजरायल के खिलाफ कुछ बड़ा करने की योजना बना रहे हैं।
बिन जायद ने नेतन्याहू से कहा था, "वहां कुछ बड़ा होने वाला है।"
45 मिनट की बातचीत के दौरान, बिन जायद ने चिंता जताई थी कि ऐसा कोई भी हमला पूरे क्षेत्र को अस्थिर कर सकता है और अब्राहम समझौते को कमजोर कर सकता है।
प्रतिक्रिया
नेतन्याहू ने किसी को नहीं दी जानकारी- रिपोर्ट
रिपोर्ट में फिलिस्तीनी सलाहकार के हवाले से दावा किया गया है कि नेतन्याहू ने इस चेतावनी पर अपेक्षाकृत शांत प्रतिक्रिया दी थी, जिससे सभी आश्चर्यचकित हो गए थे।
रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू ने बिन जायद की चेतावनी के बारे में शिन बेट, मोसाद और इजरायल रक्षा बलों के चीफ ऑफ स्टाफ सहित किसी भी अहम अधिकारी को कोई जानकारी नहीं दी।
एक अक्टूबर को हुई एक बैठक के दौरान भी नेतन्याहू ने ये मुद्दा नहीं उठाया।