म्यांमार में विस्फोटकों से भरी इमारत में धमाका, 55 की मौत; अब तक क्या-क्या पता है?
क्या है खबर?
म्यांमार के शान प्रांत में विस्फोटकों से भरी एक इमारत में भीषण धमाका हो गया है। इसमें कम से कम 55 लोग मारे गए हैं और दर्जनों गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में 25 महिलाएं और 6 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, 100 से ज्यादा घरों का नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि ये सैकड़ों घर मलबे में बदल गए हैं।
धमाका
कब और कहां हुआ धमाका?
स्थानीय मीडिया के अनुसार, ये धमाका रविवार दोपहर चीन सीमा के निकट नामखाम टाउनशिप के काउंग तात गांव में हुआ। इस क्षेत्र पर नियंत्रण रखने वाली और सैन्य जुंटा से लड़ रहे विद्रोही संगठन ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (TNLA) ने कहा कि खनन और उत्खनन के लिए विस्फोटकों को एक इमारत में रखा गया था, जो दुर्घटनावश फट गए जिसके चलते ये घटना हुई। जहां धमाका हुआ, वो जगह चीन की सीमा से लगभग 3 किलोमीटर दूर है।
बयान
धमाके के बारे में TNLA ने क्या बताया?
समाचार एजेंसी AFP ने TNLA के हवाले से कहा, "यह 'दुर्घटनाग्रस्त विस्फोट' रविवार को स्थानीय समयानुसार लगभग 12:00 बजे हुआ। इस विस्फोट के कारण कई ग्रामीणों की जान चली गई और कई घायल हो गए और उनके घरों को नुकसान पहुंचा।" TNLA के राजनीतिक संगठन पलाउंग स्टेट लिबरेशन फ्रंट ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटना की जांच करने की बात कही। संगठन ने कहा कि घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चश्मदीद
घटना के बारे में चश्मदीदों ने क्या बताया?
एक पीड़ित ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं बेडरूम में नूडल्स खा रहा था और फोन देख रहा था। अगर मैं रसोई में होता, तो शायद आज जिंदा नहीं होता। किस्मत से मेरे फोन ने मेरी जान बचाई। लोग रो रहे थे, अपने माता-पिता को पुकार रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो दुनिया खत्म हो गई हो।' उन्होंने सवाल उठाया कि आवासीय क्षेत्रों के पास विस्फोटक रखने की अनुमति क्यों दी गई?
अभियान
बचाव अभियान अभी भी जारी
एक बचावकर्मी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि रविवार शाम तक 6 बच्चों सहित 46 शव बरामद कर लिए गए थे और उन्हें अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया था। बचावकर्मी ने बताया कि 74 घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है और बचाव अभियान अभी जारी है। एक अन्य कर्मी ने बताया कि विस्फोट स्थल के पास लगभग 40 लोग मारे गए और 100 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए।