LOADING...
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा 'जिंदा, लेकिन शासन से दूर', IRGC से रही फैसले- रिपोर्ट
अमेरिका-इजरायल का मानना है कि मोजतबा जिंदा हैं, लेकिन ईरान के शासन से दूर हैं

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा 'जिंदा, लेकिन शासन से दूर', IRGC से रही फैसले- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Mar 22, 2026
12:57 pm

क्या है खबर?

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। इजरायली और अमेरिकी अधिकारियों के हालिया आकलन बताते हैं कि वे जिंदा तो हैं, लेकिन संभवतः ईरान के नेतृत्व पर उनका पूरी तरह से नियंत्रण नहीं है। जेरूसलम पोस्ट को 2 सूत्रों ने बताया कि फिलहाल वास्तविक सत्ता इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) के हाथों में प्रतीत होती है। एक सूत्र ने कहा कि संभवतः IRGC ही ईरान को नियंत्रित कर रही है।

रिपोर्ट

मोजतबा घायल, लेकिन जिंदा- रिपोर्ट

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका-इजरायल का मानना ​​है कि मोजतबा घायल हैं लेकिन जिंदा हैं। CIA और मोसाद सहित एजेंसियों ने नवरोज के दौरान घटनाक्रमों पर नजर रखी, क्योंकि उन्हें मोजतबा के सार्वजनिक संबोधन की उम्मीद थी, लेकिन केवल एक लिखित संदेश ही जारी किया गया। इससे अनिश्चितता और बढ़ गई है। खुफिया जानकारी से पता चलता है कि वह जिंदा हैं और ईरानी अधिकारियों ने उनसे मुलाकात करने के प्रयास भी किए, लेकिन सुरक्षा के चलते ऐसा नहीं हो सका।

नेतृत्व

तो फिर कौन कर रहा है ईरान का नेतृत्व?

अधिकारियों का कहना है कि ईरान का नेतृत्व कौन कर रहा है, यह स्पष्ट नहीं है। एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने कहा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि मोजतबा नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, एक अमेरिकी अधिकारी ने स्थिति को 'बेहद अजीब' बताया। सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी की मौत के बाद सत्ता की हालत और खराब हो गई है, जिसके बाद ज्यादातर फैसले IRGC ही ले रही है।

Advertisement

जांच

CIA-मोसाद मोजतबा को लेकर जानकारी जुटाने में लगी

नवरोज के दिन मोजतबा के टेलीग्राम चैनल से संदेश और तस्वीरें जारी की गईं। अमेरिकी अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि ये तस्वीरें कब की हैं। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्किया के वीडियो संदेश में मोजतबा की अनुपस्थिति ने अटकलों को और बढ़ा दिया है। एक गोपनीय ब्रीफिंग में CIA के निदेशक जॉन रैटक्लिफ और रक्षा खुफिया एजेंसी के प्रमुख जेम्स एडम्स ने कहा कि ईरान गंभीर नेतृत्व संकट का सामना कर रहा है।

Advertisement

रूस

दावा- रूस में हैं मोजतबा

16 मार्च को आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि मोजतबा कथित तौर पर रूस में हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुवैती अखबार अल-जरीदा के अनुसार, अमेरिका के ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' में घायल होने के बाद खामेनेई इलाज के लिए मॉस्को चले गए हैं। उनका इलाज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास से जुड़े एक निजी चिकित्सा केंद्र में चल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा को एक रूसी सैन्य विमान में मॉस्को लाया गया।

Advertisement