कतर में तकनीकी खराबी से दुर्घटनाग्रस्त हुआ सैन्य हैलीकॉप्टर, 6 लोगों की मौत
क्या है खबर?
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच कतर में बड़ा हादसा हुआ है। यहां के जलीय क्षेत्र में नियमित उड़ान के दौरान एक सैन्य हैलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर सवार 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे। ऐसे में अब एक लापता सदस्य की तलाश की जा रही है। कतर के गृह मंत्रालय ने इस हादसे की पुष्टि की है।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
कतर के गृह मंत्रालय की ओर से एक्स पर इस हादसे की सूचना दी गई है। इसमें लिखा है, 'नियमित सैन्य ड्यूटी के दौरान एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह क्षेत्रीय जलक्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट के बाद विशेष टीमें खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।' हालांकि, मंत्रालय ने दुर्घटना के कारण या विमान में सवार लोगों की पहचान के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है।
संघर्ष
मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के बीच हुई दुर्घटना
यह दुर्घटना मध्य-पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी क्षेत्रीय तनाव के बीच घटी है। यह संघर्ष 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद शुरू हुआ, जिसके बाद ईरान ने इजरायली क्षेत्र और खाड़ी क्षेत्र में कतर, बहरीन, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन और सऊदी अरब सहित अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। हालांकि, इस दुर्घटना का इस संघर्ष से कोई संबंध नहीं है।