Page Loader
मलावी के उपराष्ट्रपति समेत 10 लोगों की विमान दुर्घटना में मौत, जंगल में मिला मलबा
मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस चिलिमा समेत 10 की विमान हादसे में मौत (तस्वीर: एक्स/@rakidi)

मलावी के उपराष्ट्रपति समेत 10 लोगों की विमान दुर्घटना में मौत, जंगल में मिला मलबा

लेखन गजेंद्र
Jun 11, 2024
03:49 pm

क्या है खबर?

दक्षिणपूर्व अफ्रीकी देश मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस चिलिमा समेत 10 लोगों की विमान दुर्घटना में मौत हो गई। सैन्य विमान सोमवार को अचानक लापता हो गया था। द सन के मुताबिक, विमान में 51 वर्षीय चिलिमा के साथ पूर्व प्रथम महिला शैनिल डिजिम्बिरी भी सवार थीं। विमान राजधानी लिलोंगवे से सोमवार सुबह रवाना हुआ था। काफी खोज अभियान के बाद चिकनगावा के जंगलों में विमान का मलबा पाया गया है। हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

सैन्य विमान सोमवार को लिलोंगवे से 45 मिनट की यात्रा पर म्जुजू के लिए उड़ा था, लेकिन वह म्जुजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से पहले गायब हो गया। राष्ट्रपति लाजरस चकवेरा ने बताया कि हवाई यातायात नियंत्रण ने पायलट को लैंडिंग का प्रयास न करने तथा खराब मौसम के कारण विमान को वापस मोड़ने की चेतावनी दी थी। इसके बाद विमान का हवाई यातायात नियंत्रण से संपर्क टूट गया और वह रडार से गायब हो गया।

जांच

राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की

राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की कि विमान में 10 लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई है। राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। अंतिम संस्कार तक देश का राष्ट्रीय झंडा आधा झुका रहेगा। विमान में बैठा समूह एक पूर्व सरकारी मंत्री के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहा था। दुर्घटना के बाद विमान को खोजने में 600 कर्मी लगाए गए थे। बता दें कि चिलिमा 2020 से उपराष्ट्रपति का पद संभाल रहे थे।