BRICS सम्मेलन से पहले बोला ईरान- भारत के साथ संबंध दीर्घकालिक और ऐतिहासिक
क्या है खबर?
BRICS शिखर सम्मेलन से पहले ईरान ने भारत के साथ रिश्तों को बहुत अच्छा बताया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं और तेहरान भारत के साथ अपने रिश्तों को बहुत अहमियत देता है। तेहरान की यह टिप्पणी दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से पहले आई है, जिसमें ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी शामिल होंगे।
बयान
ईरान बोला- भारत के साथ संबंधों को बहुत महत्व देते हैं
बघाई ने कहा, "भारत के साथ हमारा रिश्ता दीर्घकालिक, ऐतिहासिक और सभ्यतागत है। हम भारत के साथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। भारत SCO और BRICS का सदस्य है। यह उन देशों में से एक है जिनके साथ हमारे विभिन्न क्षेत्रों में, विशेष रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग में अच्छे संबंध हैं। ईरान-भारत के बीच आमतौर पर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाती है, जिनमें चाबहार बंदरगाह भी शामिल है, जो दोनों देशों के लिए अहम है।"
मुलाकात
SCO शिखर सम्मेलन में हुई थी मोदी-पेजेश्कियान की मुलाकात
हाल ही में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की थी। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान दोनों नेताओं ने चाबहार बंदरगाह सहित कई विषयों पर चर्चा की।
अब भारत में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की फिर मुलाकात होगी।
बघाई ने कहा, "हम निश्चित रूप से BRICS शिखर सम्मेलन अवसर का लाभ उठाकर भारत के साथ पारस्परिक हित के क्षेत्रों में चर्चा जारी रखेंगे।"